भरमौर के विजय भारद्वाज को मिली चंबा की कमान, बने भाजपा SC मोर्चा के अध्यक्ष
भरमौर। हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति के पदाधिकारियों की घोषणा में गरोला के विजय भारद्वाज को माेर्चे का जिला अध्यक्ष बनने पर क्षेत्र के लोग में जश्न का माहौल है। विजय भारद्वाज इससे पहले एससी मोर्चा मंडल भरमौर के अध्यक्ष रह चुके हैं। अब सोमवार को विजय भारद्वाज को जिला चंबा का मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है। जिला अध्यक्ष बनने के बाद विजय ने बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा जिला अध्यक्ष बनाना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। भरमौर के विधायक जिया लाल कपूर का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, उसका तन-मन-धन से निर्वाह करेंगे। जिले में पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम करेंगे।
विजय ने कहा कि मोर्चे में पूर्व में किए गए कार्यों को देखते हुए ही उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने कहा कि पहले पार्टी की मजबूती के लिए मंडल स्तर पर कार्य करते थे, लेकिन अब जिला स्तर पर कार्य करने का मौका मिल रहा है। पार्टी की मजबूती के लिए आम लोगों के साथ ज्यादा से ज्यादा संपर्क किया जाएगा। लोगों को पार्टी में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। विजय भारद्वाज को मोर्चे का जिलाध्यक्ष बनने पर भाजपा एससी मोर्चे के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं कूंरा पंचायत के बूथ अध्यक्ष ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विजय भारद्वाज के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी। सभी मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।
लॉकडाउन के नियमों का पालन करें लोग
भाजपा एससी मोर्चा के नव नियुक्त अध्यक्ष विजय भारद्वाज ने कहा कि इस समय देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। देश में कोरोन से निपटने के लिए लॉकडाउन घोषित है, ताकि कोरोना के प्रसार को रोका जा सके। लोगों को भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए। कोरोना से बचने के लिए लोग मास्क पहने और बार-बार हाथ धोते रहें अथवा सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते रहें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी लोग लॉकडाउन के मद्देनजर सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते रहें।