यह क्या... ऊर्जा मंत्री के सामने जनमंच कार्यक्रम में हो गया हंगामा
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में आज रविवार को जनमंच कार्यक्रम हो रहा है। जयराम सरकार का यह 23वां जनमंच कार्यक्रम है। प्रदेश के करीब 6 माह बाद जनमंच कार्यक्रम चल रहा है। इसी बीच बिलासपुर के नयनादेवी के जुखाला में जनमंच कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के जुखाला में जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी कर रहे हैं। मंत्री की अध्यक्षता में हो रहे कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जनमंच में सब ठीक चल रहा था लेकिन जैसे ही बिलासपुर के साथ लगती अली खड्ड पर हो रहे अवैध खनन की शिकायत एक स्थानीय व्यक्ति ने की तो वहां आसपास खड़े लोग गुस्सा गए। कुछ लोगों ने कहा कि अगर वह घर के काम के लिए खड्ड से पत्थर नहीं लेंगे तो कहां से लेंगे। इस बात को लेकर दो गुटों में मंत्री के सामने की तनातनी हो गई।
मंच पर डीसी बिलासपुर पंकज राय, विधायक राम लाल ठाकुर सहित प्रदेश आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे, लेकिन लोगों ने उनकी परवाह किए बिना एक दूसरे से भिड़ना शुरू कर दिया। बढ़ते तनाव को देखते हुए मंत्री सहित प्रशासन की सिक्याेरिटी ने मोर्चा संभाला और दोनों गुटों को दूर दूर किया और स्थिति को नियंत्रित कर जनमंच के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। लोगों की इस बहस को रोकने के लिए डीसी बिलासपुर पंकज राय स्वयं मंच से उतरकर लोगों के बीच पहुंचे और मामले को शांत किया गया।