ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर लगाकर रोका विस उपाध्यक्ष का काफिला, यह थी वजह
तीसा। चुराह विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों ने सड़क का शिलान्यास करने जा रहे विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का काफिला सड़क पर पत्थर रखकर रोक दिया। ग्रामीण सालवी से घुंडेल मार्ग की दाएं तरफ सुरक्षा दीवार लगाने की मांग कर रहे थे। पुलिस और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे विस उपाध्यक्ष से लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक बहसबाजी का दौर चलता रहा।
इसके बाद विस उपाध्यक्ष की ओर से शिलान्यास कार्यक्रम ही रद्द कर दिया गया। हालांकि, विस उपाध्यक्ष हंसराज का कहना है कि वे शिलान्यास करने नहीं गए थे। क्यूआरटी और अन्य गाड़ियां रोकी गई थी। कोरोना के चलते उन्होंने 19 अप्रैल तक अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पूर्व निर्धारित सड़क का शिलान्यास ऑनलाइन किया गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की जो जायज मांग होगी उसे पूरा किया जाएगा।
शुक्रवार को विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का सालवी-भावना-सोह नैला सड़क के शिलान्यास का कार्यक्रम था। सालवीं के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर सालवी से घुंडेल मार्ग को पत्थरों से बंद कर दिया। ग्रामीण सड़क के दायीं ओर सुरक्षा दीवार लगाने की मांग कर रहे थे। पुलिस और लोनिवि के कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर रास्ता बहाल करने को कहा, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे। दो घंटे तक ग्रामीण वहां से नहीं हटे।
सालवी निवासी टेक चंद, परवेश, राकेश कुमार और साहिल ने कहा कि सड़क की दायीं ओर सुरक्षा दीवार न लगाने से मार्ग पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। कई बार विभाग से मांग उठाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके चलते ग्रामीणों ने विस उपाध्यक्ष के सामने अपनी मांग बताने का निर्णय लिया था