मेडिकल कॉलेज चम्बा में ऑक्सीजन उत्पादन शुरू, रोजाना भरेंगे 80 सिलेंडर
चम्बा। कोरोना महामारी के दौरान देश में बने ऑक्सीजन संकट के बीच जिला चम्बा के लिए राहत भरी खबर है। मेडिकल कॉलेज चम्बा में लगाया गया प्रेशर स्विग एडजॉप्शन (पीएसए) प्लांट शुरू हो गया है। पीएसए प्लांट के शुरू हो जाने से अब मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को दी जाने वाली ऑक्सीजन का उत्पादन भी यहीं होगा। जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के प्रयासों से ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो गया है। इस प्लांट में 24 घंटे में 80-90 ऑक्सीजन सिलेंडर भरने की क्षमता है।
एसडीएम शिवम प्रताप सिंह खुद इंजीनियर हैं। उन्होंने इस प्लांट की मशीनरी को खुद एनएचपीसी के इंजीनियर, आइटीआइ के प्रशिक्षुओं व बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के सहयोग से स्थापित किया है। प्लांट में लगने वाली सभी तरह की मशीनें स्थापित होने के बाद कंपनी के एक्सपर्ट ने चम् पहुंचकर इसकी कमीशनिंग की थी। इसके बाद जांच के लिए सैंपल गुरुग्राम स्थिति प्रयोगशाला में भेजे थे। सैंपल पास होने के बाद अब मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट शुरू कर दिया है।
—– चंबा में शुरू हुआ ऑक्सीजन प्लांट —–
प्रिंसिपल आईटीआई एनएचपीसी और विद्युत विभाग का खास धन्यवाद जिनकी सहायता से…
Posted by IAS Shivam Pratap Singh on Friday, 7 May 2021
अब सीधे बेड पर मिलेगी ऑक्सीजन सुविधा
प्लांट शुरू होने से मरीजों को पाइपलाइन के माध्यम से सीधे बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। मेडिकल कॉलेज में प्लांट से ऑक्सीजन सप्लाई की पाइपलाइन बेड तक पहले ही बिछाई जा चुकी है। मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज चंबा में 200 से अधिक बेड हैं। लेकिन अभी यह सुविधा सिर्फ कोविड मरीजों को ही प्रदान की जाएगी। प्लांट के शुरू हो जाने से अब मरीजों को सिलेंडर के माध्यम से ऑक्सीजन देने व बार-बार उसे बदलने के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा।
यह भी पढ़ेंः-हिमाचल में कोरोना कर्फ्यू के साथ नए प्रतिबंध, 10 मई से बसें बंद
अभी तक मंडी से हो रही थी ऑक्सीजन सप्लाई
मौजूदा समय में चम्बा के लिए मंडी से ऑक्सीजन लाई जा रही थी। चम्बा से मंडी की दूरी अधिक होने के चलते गाड़ियों को भी आने-जाने में काफी समय लगता था। साथ ही अधिक आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था। चम्बा पीएसए लैब में उत्पादन शुरू हो जाने के बाद कुछ हद तक ऑक्सीजन की कमी पूरी होगी। हालांकि जरूरत पड़़ने पर अभी भी मंडी से ही ऑक्सीजन लाई जाएगी।
पीएसए ऑक्सीजन प्लांट में एक दिन में 80 सिलेंडर भरने की क्षमता है। प्लांट से सीधे बेड में मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। इससे सिलेंडर उठाने और बदलने के झंझट से भी छुटकारा मिलेगा। -रमेश भारती, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज चंबा।