हॉकी प्लेयर वरुण को एक करोड़ के साथ डीएसपी पद देगी हिमाचल सरकार
भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी डलहौजी के वरुण शर्मा को हिमाचल सरकार एक करोड़ रुपये का नकद इनाम देगी। इसके साथ सरकार उनको योग्यता के अनुसार प्रदेश पुलिस में डीएसपी का पद भी देगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा में यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वरुण मूल रूप से चम्बा जिला के डलहौजी के रहने वाले हैं। उनका परिवार आजीविका कमाने के लिए अभी जालंधर में रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि हिमाचली युवा भी उस भारतीय हॉकी टीम का सदस्य है, जिसने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है। सदन में दिए अपने वक्तव्य में जयराम ठाकुर ने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण पद जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ी को दो करोड़, रजत पदक पर एक करोड़ रुपए और कांस्य पदक पर 50 लाख दिया जाता था। उन्होंने इसमें भी संशोधन किया है।
यह भी पढ़ेंः-लाहौल-स्पीति के इस स्कूल के बच्चे रिपब्लिक और इंडिपेंडेस-डे में नहीं कर पाए अंतर
रजत जीतने वाले को मिलेंगे 1.20 करोड़
उन्होंने कहा कि रजत पदक विजेता को अब एक करोड़ 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही कांस्य पद विजेता को 50 लाख रुपये की बजाय अब एक करोड़ रुपये की इनाम राशि दी जाएगी। इससे प्रदेश के खिलाडि़यों को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ इन खिलाडि़यों को यहां पर नौकरी देने का प्रावधान भी सरकार ने रखा है। उन्होंने बताया कि अभी वरुण भारत पैट्रोलियम में कार्यरत है।
यह भी पढ़ेंः-सिरमौर में बस हवा में लटकी, चालक की सूझबूझ से टला हादसा
डलहौजी में खेल अकादमी खोलने की मांग
डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने कहा कि वरुण डलहौजी का रहने वाला है और गद्दी समुदाय से ताल्लुख रखता है। सुबह ही फोन पर उनकी बात हुई, जिनको सरकार की तरफ से भी उन्होंने बधाई दी है। प्रतिभाशाली बच्चा है, जिसने पहले भी कई पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि डलहौजी में खिलाडि़यों को प्रशिक्षण देने के लिए अकादमी खोली जानी चाहिए, क्योंकि वहां पर कई प्रतिभाएं हैं।