हर घर पाठशाला: हिमाचल में श्रेष्ठ शैक्षणिक विषय वस्तु तैयार करने वाले अध्यापक होंगे सम्मानित
शिमला। लाॅकडाउन के दौरान ऑनलाइन और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। स्कूलों के शिक्षक विभिन्न माध्यमों से छात्रों तक पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध करवा रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार कार्यक्रम के लिए श्रेष्ठ शैक्षणिक विषय वस्तु विकसित करने वाले अध्यापकों को सम्मानित करने पर मंथन कर रही है। इसके साथ ही पाठशालाओं में इन कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के बारे में भी विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी के दृष्टिगत लगाए गए कर्फ्यू के दौरान छात्रों के लिए घर पर अध्यापन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए ‘हर घर पाठशाला’ कार्यक्रम आंरभ किया है, ताकि शिक्षा जारी रहे। इस कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक छात्रों को विभिन्न कार्यक्रमों का उपयोग कर शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन शिमला पर प्रतिदिन 10वीं तथा 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए तीन घंटे के कार्यक्रम के अतिरिक्त व्हाट्सअप तथा केंद्रीकृत वेबसाइट के माध्यम से शिक्षक ऑनलाईन कक्षाएं ले रहे हैं।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेशमें 98 प्रतिशत प्रारंभिक पाठशालाएं तथा 90 प्रतिशत उच्च पाठशालाएं व्हाट्सअप के माध्यम से उच्च प्राधिकारियों के साथ जुड़ी हुई हैं, जबकि 66 प्रतिशत प्रारंभिक पाठशाओं तथा 72 उच्च पाठशालाओं के छात्र व्हाट्सअप के माध्यम से अपने अध्यापकों से जुड़े हुए हैं।