हिमाचल में अब सामाजिक समारोहों में 200 लोग ही हो सकेंगे शामिल

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति को लेकर शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कुछ जिलों में कोरोना मामलों में अचानक वृद्धि होने पर चिन्ता व्यक्त की और तत्काल प्रभावी
 

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति को लेकर शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने कुछ जिलों में कोरोना मामलों में अचानक वृद्धि होने पर चिन्ता व्यक्त की और तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में टीकाकरण में तेजी लाई जाए। आगामी दो दिनों में 1.80 लाख और खुराकें हिमाचल पहुंच जाएंगी।

 

मास्क नहीं तो सर्विस नहीं

उन्होंने यह सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि लोग फेस मास्क और हैंड सैनिटाइजर का नियमित प्रयोग करें। घरों में आइसोलेट रखे लोगों के लिए सभी मापदंडों की पालना अनिवार्य की जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना का पता लगाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को मास्क नहीं तो सेवा नहीं की रणनीति अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

 

प्रदेश में सभी अधिकारिक मेलों पर रोक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी अधिकारिक मेलों का आयोजन नहीं होगा ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके हालांकि जो मेले चल रहे हैं वो जारी रहेंगे। मगर मानक संचालन प्रणाली को अपनाते हुए एहतियाती कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के सामाजिक समारोहों में घरों के अन्दर और बाहर केवल 50 प्रतिशत और अधिकतम 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी।

 

टेस्ट, ट्रेस और ट्रीट पर दिया जोर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सभी फील्ड अधिकारियों को कोरोना की रोकथाम के लिए अपनाए जाने वाले विभिन्न कदमों की जानकारी है, इसलिए उन्हें यह निश्चित करना चाहिए कि ऐसे सभी सामाजिक समारोहों पर प्रतिबंध हो जहां लोग उचित परस्पर दूरी बनाकर नहीं रख रहे हों। उन्होंने परीक्षणों, वायरस प्रभावित लोगों का पता लगाने और उपचार (टेस्ट, ट्रेस व ट्रीट) की रणनीति प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त आरटीसीपीआर परीक्षणों को बढ़ाया जाना चाहिए और कंटेन्मेंट जोन की पद्वति को कड़ाई के साथ लागू किया जाए।

 

मास्क न पहनने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्य सचिव अनिल खाची ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई का समुचित ध्यान रखा जाए। प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डू ने कहा कि फेस मास्क के उपयोग और मानक संचालन प्रणाली के अंतर्गत अन्य उपायों को नहीं अपनाने वाले लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्तों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कोविड-19 की स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया।