घूमने लगा विकास का पहिया, कार्यों ने पकड़ी रफ्तार
मंडी। मंडी जिला में कोरोना के खौफ से थमा विकास का पहिया फिर घूमने लगा है। विकास कार्य धीरे धीरे रफ्तार पकड़ने लगे हैं। जिला में करीब 4000 हजार सरकारी व निजी कार्य शुरू हो गए हैं जिनमें 26 हजार से अधिक स्थानीय एवं प्रवासी मजदूर काम में लगे हैं।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्रवण मांटा ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार 20 अप्रैल के बाद से मंडी जिला में विभिन्न विकास कार्य आरंभ करने को लेकर अनुमति दी गई है। साथ ही कोरोना से बचाव को लेकर इसमें सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य सुरक्षा उपायों का पूरा पालन करने के कड़े निर्देश भी दिए हैं। जिला में नेशनल हाइवे, लोकनिर्माण, बिजली बोर्ड, आईपीएच, उद्योग समेत सभी विभागों के विकास कार्य शुरू हो गए हैं। सरकारी विभागों के अब तक शुरू किए गए 1190 विकास कार्यों से 15910 स्थानीय एवं प्रवासी मजदूरों को काम मिला है।