कोरोना को मात देने के एक दिन बाद भाजपा विधायक की माता का निधन
हमीरपुर। कोरोना संक्रमण को मात देने के एक दिन बाद भाजपा विधायक नरेन्द्र ठाकुर की माता का निधन हो गया। नरेन्द्र ठाकुर हमीरपुर विधानसभा के विधायक हैं। उनकी माता करीब 11 दिन पहले कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इसके बाद सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें हमीरपुर अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। मगर वीरवार दोपहर को फिर अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया।
एक दिन पहले ही अस्पताल से पहुंची थीं घर
भाजपा प्रवक्ता विक्रमजीत सिंह बन्याल ने निधन की जानकारी देते हुए कहा कि विधायक नरेंद्र ठाकुर की माता स्वस्थ होकर बुधवार को अस्पताल से घर पहुंची थीं। मगर वीरवार को उनका अकस्मात निधन हो गया। आपको बता दें कि राजकुमारी ठाकुर के पति स्वर्गीय ठाकुर जगदेव चंद जनसंघ के समय से भाजपा के कदावर नेता रहे थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वर्तमान में उनके पुत्र नरेंद्र ठाकुर हमीरपुर से भाजपा के विधायक हैं।
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री नरेंद्र ठाकुर जी की पूज्य माता जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।
Posted by Jairam Thakur on Thursday, 13 May 2021
मुख्यमंत्री समेत अन्य नेताओं ने जताया शोक
विधायक नरेंद्र ठाकुर की माता के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, प्रदेश भाजपा सह प्रवक्ता नरेन्द्र अत्री, कांग्रेस विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, राजेंद्र राणा और कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार समेत अन्य ने शोक प्रकट किया है।