केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को मंडी में भाजपा जिला संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव रणनीति के तेवर और कलेवर को निर्णायक रूप दिया।
 

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को मंडी में भाजपा जिला संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनाव रणनीति के तेवर और कलेवर को निर्णायक रूप दिया। बैठक के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी पूरे दमखम से उपचुनाव लड़ेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी। कांग्रेस की ओर से प्रतिभा सिंह के प्रत्याशी घोषित किए जाने के संबंध में पूछे एक सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस किसे प्रत्याशी घोषित करती है, यह उनका अंदरूनी मामला है, इस पर वह टिप्पणी नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा कि, लेकिन इतना जरूर है कि अब पुरानी परिस्थितियां नहीं हैं और कांग्रेस का आकलन वास्तविकता से दूर है। उन्होंने कहा कि मंडी हमारी है और हमारी ही रहेगी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द भाजपा केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा और पूरी पार्टी व सभी कार्यकर्ता मिलकर पूरे दमखम से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार और प्रदेश की उपलब्धियों के आधार पर उपचुनाव लड़ेगी और उपचुनावों में अच्छे खासे मार्जन के साथ जीत भी हासिल करेगी।


सीएम जयराम ठाकुर और सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा की मंगलवार को सर्किट हाऊस मंडी में बंद कमरे में लोकसभा उपचुनावों को लेकर करीब 15 मिनट तक गुफ्तगू हुई है। अनिल शर्मा सर्किट हाऊस मंडी पहुंचे जहां पर सीएम जयराम ठाकुर पहले से ही रुके हुए थे। उसके बाद अनिल शर्मा जब बाहर निकले तो उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि चुनावी बेला पर उनकी सीएम से मुलाकात हुई है। 

वहीं सीएम ने कहा कि अनिल शर्मा और उनकी कभी-कभार मुलाकात होती है और उसे अन्यथा न लिया जाए। अनिल शर्मा टैक्नीकली भाजपा के विधायक हैं और यदि वह भाजपा के प्रचार का हिस्सा बनेंगे तो उन्हें इस बात की खुशी होगी। अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि जो सदर की जनता तय करेगी वह उसी का पालन करेंगे। वह जनता के बीच जा रहे हैं और उनकी नब्ज टटोल रहे हैं। जो जनता का आदेश होगा, उसकी पालना की जाएगी।