सिद्धू के शो में कॉमेडी करते थे भगवंत मान, अब हार पर उड़ा 'गुरु' का मजाक

विधानसभा चुनाव की परिणामों ने सबको चौंका दिया है। मुख्यमंत्रियों में पंजाब के कैप्टन अमरेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी और उत्तराखंड के पुष्कर धामी भी अपनी सीट नहीं बचा पाएं हैं।
 

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की परिणामों ने सबको चौंका दिया है। पूर्व में मंत्री, यहां तक कि मुख्यमंत्री रहे दिग्गज भी अपनी सीट नहीं बचा पाए हैं। मुख्यमंत्रियों में पंजाब के कैप्टन अमरेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी और उत्तराखंड के पुष्कर धामी भी अपनी सीट नहीं बचा पाएं हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने चमत्कारिक प्रदर्शन किया। सीएम बनने की चाह रखने वाले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू भी अपनी सीट नहीं बचा सके। आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट भगवंत मान ने जीत हासिल की और वे पंजाब के अगले मुख्यमंत्री बन गए। इसी बीच एक कहानी चर्चा में आ गई है जब एक कॉमेडी शो में सिद्धू भगवंत मान के जज बने थे।


दरअसल, आम आदमी पार्टी की ओर से राजनीति में आने से पहले भगवंत मान कई फिल्मों और कॉमेडी शोज में नजर आए हैं। साल 2005 में 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में नवजोत सिंह सिद्धू जज की भूमिका में थे। इसी शो के एक एपिसोड में भगवंत मान कंटेस्टेंट बनकर दिखाई दिए थे। अब 2022 का समय है जब भगवंत मान उन्हीं नवजोत सिंह सिद्धू के सामने मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। जबकि नवजोत सिंह सिद्धू अपनी सीट हार गए हैं। इस सबके के बीच सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का मजाक भी उड़ रहा है।


सोशल मीडिया पर भी कई लोग इस वाकये को शेयर कर रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हार को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी को जीत की बधाई दी है। नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि लोगों की आवाज भगवान की आवाज है। पूरी विनम्रता के साथ पंजाब के जनादेश को स्वीकार करता हूं। आप को बधाई।
 

उधर भगवंत मान ने कहा कि हम सभी एक साथ मिलकर सेवा करेंगे, जैसे वोट डाला है वैसे ही एकजुट होकर पंजाब को चलाएंगे। हमें युवाओं को रोजगार देना है। आप मेरे ऊपर यकीन रखें, आपको एक महीने में ही अंतर नज़र आने लगेगा। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के किसी भी दफ्तर में मुख्यमंत्री की फोटो नहीं लगेगी, सिर्फ भगत सिंह और बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर लगेगी। भगवंत मान ने ऐलान किया है कि वह राजभवन नहीं बल्कि भगत सिंह के गृह जिले खटकर कलां में शपथ लेंगे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत पांच राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। अबतक के नतीजों में बीजेपी एक बार फिर यूपी, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सरकार बनाती दिख रही है। जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है।