PM Modi का ट्विटर अकाउंट हैक, बिटकॉइन को लेकर किए गए ये ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी अकाउंट से रविवार देर रात करीब 2.11 बजे और 2.15 बजे बिटकॉइन से जुड़े एक जैसे दो ट्वीट किए गए। इनमें कहा गया कि 'भारत ने अब बिटकॉइन को वैध टेंडर के रूप में स्वीकार कर लिया है। 
 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) का निजी ट्वीटर अकाउंट रविवार रात को हैक हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी अकाउंट से रविवार देर रात करीब 2.11 बजे और 2.15 बजे बिटकॉइन से जुड़े एक जैसे दो ट्वीट किए गए। इनमें कहा गया कि 'भारत ने अब बिटकॉइन को वैध टेंडर के रूप में स्वीकार कर लिया है। सरकार आधिकारिक रूप से 500 बिटकॉइन खरीदेगी और उसे देश के सभी नागरिकों में बाँटेगी।'


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी ट्विटर हैंडल से इन ट्वीट को कुछ मिनटों में ही डिलीट कर दिया गया लेकिन सोशल मीडिया में इसका स्क्रीनशॉट वायरल हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के निजी ट्विटर अकाउंट से यह ट्वीट आने के बाद PMO ने रविवार सुबह तड़के 3.18 बजे ट्वीट करके इस मामले पर स्पष्टीकरण दिया। PMO ने लिखा, "पीएम नरेंद्र मोदी के ट्विटर हैंडल से कुछ समय के लिए छेड़छाड़ की गई थी। इस मुद्दे को ट्विटर के पास उठाया गया है और अकाउंट को तुरंत सुरक्षित कर लिया गया। एक थोड़े अंतराल के दौरान अकाउंट के साथ छेड़छाड़ की गई, इस दौरान किए गए ट्वीट को नजरअंदाज किया जाए।"


 
दुर्गेश तिवारी नामक यूज़र ट्वीट करते हैं, "तस्वीर 1.. क्रिप्टो वालों की मेहनत, तस्वीर 2.. PMO की मुस्तैदी। "


 
राजनीतिक टिप्पणीकार तहसीन पूनावाला ने ट्वीट करके लिखा कि 'पुष्टि हुई है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ट्विटर अकाउंट हैक हुआ था।'


 
इससे पहले सितंबर 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी व्यक्तिगत वेबसाइट और मोबाइल एप को किसी अज्ञात समूह ने हैक कर लिया था। ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7.3 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं और वो दुनिया के उन शीर्ष राजनेताओं में शामिल हैं जिनके ट्विटर पर इतने अधिक फॉलोअर्स हैं।