दिल्ली की मंत्री आतिशी का दावा, BJP में शामिल होने का किया अप्रोच, या ईडी कर लेगी गिरफ्तार
Delhi Minister Atishi Press Conference: आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने मंगलवार (2 अप्रैल) को भाजपा पर कई गंभीर आरोप जड़े हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा दावा किया है। आतिशी ने दावा किया है कि भाजपा ने उन्हें ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मेरे बहुत निजी करीबी व्यक्ति के माध्यम से पार्टी ज्वाइन करने के लिए अप्रोच किया है।
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि मुझे कहा गया है या तो भाजपा ज्वाइन करके अपना राजनीतिक कैरियर बचा लूं। अगर पार्टी ज्वाइन नहीं की तो आने वाले एक महीने में ईडी की ओर से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मेरे करीबी व्यक्ति ने बताया कि प्रधानमंत्री और भाजपा ने मन बना लिया है कि आम आदमी पार्टी के सभी लोगों को कुचलना है।"
उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को गिरफ्तार करके जेल में डाला है। सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के बाद अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो चुके हैं। अब भाजपा का यह इरादा है कि आने वाले दो महीने में आम आदमी पार्टी के चार और नेताओं को गिरफ्तार करें। वह मुझे गिरफ्तार करेंगे, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक और राघव चड्ढा को भी गिरफ्तार करेंगे। उनको (भाजपा) लगता था अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी टूट कर बिखर जाएगी।
उधर, दिल्ली की आप नेता और मंत्री आतिशी के आरोपों पर भाजपा की भी प्रतिक्रिया आ गई है। भाजपा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सनसनी फैलाना चाहती है। भाजपा की ओर से इस तरह के आरोपों को नकारा गया है।