India-Sri Lanka T-20 Match: भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त
धर्मशाला। श्रेयस अय्यर की 44 गेंदों में नाबाद 74 रन की शानदार पारी के दम पर भारत ने दूसरे T-20 मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पिछले साल श्रीलंका में T-20 सीरीज में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। भारतीय टीम की यह T-20 अंतरराष्ट्रीय में यह लगातार 11वीं जीत है। टीम ने इस दौरान न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज को घरेलू सरजमीं पर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से मात दी है।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते पांच विकेट पर 183 रन बनाए, लेकिन सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा (एक रन) और इशान किशन (16 रन) के सस्ते में आउट होने बाद भी भारतीय टीम ने 17.1 ओवर में आसानी से तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच श्रेयस अय्यर को संजू सैमसन और रविन्द्र जडेजा का अच्छा साथ मिला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए सैमसन के साथ 84 रन की साझेदारी की। सैमसन ने 25 गेंद की पारी में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बनाए। अय्यर और जडेजा ने 58 रन की ताबड़तोड़ अटूट साझेदारी की, जिसमें जडेजा ने 18 गेंद में नाबाद 45 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को दुश्मांता चमीरा (39 रन पर एक विकेट) ने पहले ही ओवर में कप्तान रोहित शर्मा को आउट कर बड़ा झटका दिया। पिछले मैच में आक्रामक अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन क्रीज पर सहज नहीं दिखे। मैच के चौथे ओवर में लाहिरु कुमारा (31 रन पर दो विकेट) की बाउंसर इशान के सिर पर लगी, जिसके बाद फिजियो को मैदान पर आना पड़ा। लाहिरु के अगले ओवर में इशान मिड ऑन पर शनाका को आसान कैच थमा बैठे।
श्रेयस और संजू की धमाकेदार साझेदारी
इस बीच श्रेयस ने बिनुरा फर्नांडो के खिलाफ पांचवें ओवर में लगातार तीन चौके जड़कर अपनी पारी को वहीं से आगे बढ़ाया, जहां पिछले मैच में उन्होंने छोड़ा था। पावर प्ले में भारत का स्कोर दो विकेट पर 46 रन था पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक लगाने वाले श्रेयस का साथ देने के लिए संजू सैमसन मौजूद थे। सैमसन जहां संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे वही श्रेयस ने नौंवें ओवर में बायें हाथ के गेंदबाज प्रवीण जयविक्रमा के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाए।
उन्होंने 11वें ओवर में चमिका करूणारत्ने के खिलाफ छक्का लगाकर लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया जबकि 12वें ओवर में शनाका के खिलाफ उनके छक्के के कारण टीम के रनों का शतक पूरा हुआ। पिछले चार पारियों में श्रेयस की यह तीसरी अर्धशतकीय पारी है।
भारत की लगातार 11वीं जीत
भारत T20 वर्ल्ड कप 2021 में उपविजेता न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद से अब तक कोई मैच नहीं हारा है। रोहित की कप्तानी में टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 से और वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप की है। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम दूसरा मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे है। भारत ने शनिवार को ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी लगातार 11वीं जीत दर्ज की है। भारत ने इससे पहले, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में लगाातार 7 T20 मैच जीते थे।