हिमाचल के स्वयं सहायता समूहों को मिला बाजार, ऑनलाइन बेचेंगे उत्पाद

शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऑनलाइन सामान बेचने के मंच का शुभारंभ किया। 

 

ऊना। हिमाचल प्रदेश की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद दुनिया भर में बिकेंगे। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों को ऑनलाइन बेच पाएंगी। शुक्रवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऑनलाइन सामान बेचने के मंच का शुभारंभ किया। ई-कामर्स वेबसाइट एमजॉन पर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 51 प्रकार के उत्पाद बिक सकेंगे। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर भी उपस्थित रहे। 

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री देश को विकास के पथ पर अग्रसर करने में तो महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रदान करना ग्रामीण विकास विभाग की एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों ने कोरोना वायरस से निपटने में भी बहुत बड़ा योगदान दिया।  

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह को अपने उत्पादों में स्वच्छता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करनी होगी, ताकि उन्हें इसके अच्छे दाम मिल सकें। अब हिमाचल प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों को बाजार और खरीदार दोनों मिल गए हैं। अब महिलाओं को अपना हुनर बढ़ाना होगा, ताकि क्वालिटी में कहीं कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि यह शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल को चरितार्थ करती है। दुनिया भर के लोग हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को खरीदेंगे। 

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस व विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त एवं स्वाबलंबी बनाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 27 हजार महिला स्वयं सहायता समूह कार्य कर रहे हैं, जो विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाने से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को सोमभद्रा ब्रांड नेम दिया गया है। 

अंदरौली में छेड़ा स्वच्छता अभियान


इससे पहले अनुराग ठाकुर ने स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और 5 महिलाओं की गोदभराई भी की। उन्होंने गरिमा योजना के तहत तीन परिवारों को 21-21 हजार रुपए की एफडी भी प्रदान की।  केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इससे पूर्व अंदरौली में क्लीन इंडिया जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में 200 से अधिक युवा शामिल हुए, जिसमें नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी व एनएसएस के साथ-साथ युवा क्लबों के स्वयंसेवी शामिल हुए।