बद्दी में परफ्यूम फैक्ट्री में लगी आग से अब तक 5 लोगों की मौत, आठ लापता, 31 घायल

सोलन के बद्दी में कॉस्मेटिक-परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। आठ अभी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। फैक्ट्री के मालिक चंद्र शेखर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

सोलन। हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में एक इत्र निर्माण फैक्टी में लगी आग की चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। घटना के लगभग 30 घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। फैक्ट्री में आग शुक्रवार दोपहर पौने तीन बजे के करीब लगी थी। अभी तक आठ लोग लापता हैं जिनके लिए तलाशी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं।

 

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया और कारखाने पर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कारखाने में लापरवाही और असावधानी के कारण आग लगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि फैक्ट्री में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक मानकों का उल्लंघन किया गया। इसके खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मालिकों पर कार्रवाई की जा रही है।

उधर, हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आखिरी व्यक्ति का पता लगने तक तलाशी अभियान जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इमारत बहुत कमजोर हो गई है और रसायनों से निकलने वाली जहरीली गैसों का प्रभाव साफ महसूस किया जा रहा है। पुलिस ने यहां जारी एक बयान में बताया कि इस मामले में एन आर अरोमाज कंपनी के प्रमुख चंद्रशेखर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

 

पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करने का निर्देश दिया।