लंबे इंतजार के बाद हिमाचल में बर्फबारी, ठंड से अभी राहत नहीं, जानें- कैसा रहेगा आज का मौसम

Himachal Weather Update:  हिमाचल प्रदेश की ऊपरी पहाड़ियों पर 31 जनवरी तक अलग-अलग इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मध्य पहाड़ी इलाकों में 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।
 

वेब डेस्क। उत्तर भारत में लंबे समय से कड़ाके की सर्दी और घन कोहरे (Dense Fog) का प्रकोप जारी है। कई राज्यों में शीतलहर (Cold Wave) की वजह से लोगों को खासी परेशानी हो रही है। दिल्ली में कुछ दिनों से सर्द हवाओं से हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। वहीं, 2 महीने के इंतजार के बाद कश्मीर और हिमाचल (Snowfall in Kashmir & Himachal) में आखिरकार रौनक आई है। 

कश्मीर के कुछ ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई है। हिमाचल के कुछ इलाकों में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार कुल्लू जिले में अटल टनल रोहतांग के उत्तरी पोर्टल, चंबा जिले के भरमौर और पांगी में हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि रोहतांग दर्रे, बारालाचा दर्रे, शिंकुला दर्रे और कुंजुम दर्रे में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं।


हिमाचल प्रदेश की ऊपरी पहाड़ियों पर 31 जनवरी तक अलग-अलग इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मध्य पहाड़ी इलाकों में 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार  30 और 31 जनवरी को मध्य पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और अलग-अलग इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जबकि निचली पहाड़ियों व मैदानी इलाकों में 31 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

उधर, हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर शुरू हो गया है। शनिवार यानी 27 जनवरी को शिमला का तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, कुफरी में 1.9 तापमान दर्ज किया गया है। हिमाचल में आने वाले दिनों तक इसी तरह के हालात बनने की संभावना है।

शिमला मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में सामान्यत: तापमान 10 डिग्री से नीचे ही रहा। शनिवार सुबह सुंदरनगर का तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया। कांगरा का तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं कैलांग का तापमान 7.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, कुफ्री में 1.9 तापमान दर्ज किया गया है