Rajouri Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंकी मुठभेड़, हिमाचल के 2 जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकी मुठभेड़ के दौरान हिमाचल के दो जवान शहीद हो गए हैं। इसमें कांगड़ा जिले के अरविंद कुमार और सिरमौर जिले के प्रमोद नेगी शामिल हैं।

 

पालमपुर/नाहन। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान हिमाचल के भी दो जवान शहीद हुए हैं। इसमें कांगड़ा जिले के गांव मरहूं के अरविंद कुमार और सिरमौर के शिलाई के प्रमोद नेगी शामिल हैं। इस हमले में भारतीय सेना के 5 जवान शहीद हुए हैं। हिमाचल के दोनों शहीदों के शव आज घर पहुंचने की उम्मीद है। दोनों जवानों की शहादत की सूचना सेना की तरफ से उनके परिवारों को दी गई है, जिसके बाद से शहीद जवानों के घर से लेकर गांव तक मातम पसरा हुआ है।


शहीद अरविंद कुमार कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र के मरहूँ गांव के रहने वाले थे। शहीद अरविंद कुमार की उम्र 33 साल थी, वो साल 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। और एनएसजी कमांडों में सेवाएं देने के बाद हाल ही में उन्हें राजौरी भेजा गया था। उनके परिवार में उनके माता-पिता के अलावा उनकी पत्नी और 2 बेटियां है। अरविंद कुमार की शादी को अभी 5 साल ही हुए थे। उनका एक बड़ा भाई और एक बहन भी हैं। 


सीएम सुक्खू ने जताया शोक

सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर शहीद जवानों के लिए शोक जताया है। सीएम सुक्खू ने लिखा कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में कांगड़ा जिला की पंचायत मरहूं के गांव सूरी के जवान अरविंद कुमार के शहीद होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगत वीरात्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।


23 साल की उम्र में प्रमोद नेगी शहीद

हिमाचल के दूसरे जवान जो शहीद हुए हैं वो सिरमौर जिले के गांव शिलाई के रहने वाले थे। 23 साल के प्रमोद नेगी 2017 में सेना में भर्ती हुए थे। उनका एक छोटा भाई भी सेना में है। शहीद होने से चंद घंटे पहले ही उनकी अपने माता-पिता से बात हुई थी। प्रमोद नेगी दिसंबर में घर से वापस अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। अब उन्हें 6 जुलाई को वापस घर लौटना था, उनकी छुट्टी भी मंजूर हो चुकी थी।