Rain In Himachal : हिमाचल पहुंचा प्री-मानसून, मणिमहेश और रोहतांग में बर्फबारी, पारा लुढ़का

हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार शाम राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, चम्बा, कुल्लू, हमीरपुर और मंडी में झमाझम बादल बरसे। वहीं, सोलन और ऊना के गगरेट और चिंतपूर्णी में बारिश की हल्की बौछारें गिरने से तापमान में गिरावट आई है।
 

लू की चपेट में चल रहे हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार शाम राजधानी शिमला सहित धर्मशाला, चम्बा, कुल्लू, हमीरपुर और मंडी में झमाझम बादल बरसे। वहीं, सोलन और ऊना के गगरेट और चिंतपूर्णी में बारिश की हल्की बौछारें गिरने से तापमान में गिरावट आई है। जिला चम्बा में भरमौर और मणिमहेश की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे हैं। वहीं 13,058 फुट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा में भी बर्फबारी हुई है। पर्यटन नगरी डलहौजी में ओलावृष्टि हुई।


बुधवार को सात जिलों सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, कांगड़ा और सोलन में दिन के समय लू चली। शाम को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में राहत की बौछारे बरसीं। वीरवार और शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। जून के अंत तक प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून के पहुंचने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में बुधवार शाम पांच बजे बादल उमड़ने के साथ तेज हवाएं चलीं और शहर में तेज बारिश हुई। करीब दो घंटे शहर में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। 


चम्बा के भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, कुगती, चौबिया, काली छौ में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। डलहौजी में बारिश के साथ ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। कुल्लू से लेकर लाहौल घाटी तक भी बुधवार को मेघ बरसे। रोहतांग दर्रा में भी बारिश के साथ फाहे गिरे। मंडी में बुधवार को दोपहर बाद विभिन्न स्थानों पर बारिश हुई। जोगिंद्रनगर में शहर में जलभराव से कारोबारियों का सामान भीग गया। कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। 


देर शाम को प्रदेश के तापमान में भी बारिश होने से कुछ कमी दर्ज हुई। उधर, मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 19.6, सुंदरनगर में 21.1, कल्पा में 9.6, धर्मशाला में 24.5, ऊना में 25.0, नाहन में 26.1, केलांग में 7.3, सोलन में 22.0, मनाली में 13.3, कांगड़ा में 22.8, मंडी में 23.3, बिलासपुर में 25.1, हमीरपुर में 24.1, चंबा में 22.7, धौलाकुआं में 27.3, बरठीं में 23.8, कसौली में 23.2, देहरा गोपीपुर में 26.0 और पांवटा साहिब में 30.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


हिमाचल में 15 से 20 जून के बीच प्री मानसून के पहुंचने के आसार थे। 19 जून को प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्री मानसून की बारिश हुई है। वहीं प्रदेश में मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक पहुंचने के आसार हैं- सुरेंद्र पॉल, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला

जून में सामान्य से 67 फीसदी कम बरसे बादल

प्रदेश में एक से 19 जून तक सामान्य से 67 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। प्रदेश में इस अवधि के दौरान 17.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस दौरान 53.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। सभी जिलों में सामान्य से कम बादल बरसे। बिलासपुर में सामान्य से 63, चंबा में 65, हमीरपुर में 82, कांगड़ा में 79, किन्नौर में 67, कुल्लू में 50, लाहौल-स्पीति में 41, मंडी में 74, शिमला में 86, सिरमौर में 73, सोलन में 72 और ऊना में 82 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई।