चैत्र मास मेला प्रबंधन बैठक में न्यासी सुभाष ढटवालिया ने दिए अहम सुझाव, अनुपस्थित अधिकारियों पर जताया खेद

बैठक का आयोजन 14 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक चलने वाले चैत्र मास मेलों के सफल आयोजन को लेकर किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त हमीरपुर एवं आयुक्त (मंदिर)  गांधर्व राठौर (भा.प्र.से.) ने की।
 

हमीरपुर । उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में आयोजित वार्षिक चैत्र मास मेला प्रबंधन बैठक में कांग्रेस नेता एवं न्यासी सुभाष ढटवालिया ने भाग लिया। बैठक का आयोजन 14 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक चलने वाले चैत्र मास मेलों के सफल आयोजन को लेकर किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त हमीरपुर एवं आयुक्त (मंदिर)  गांधर्व राठौर (भा.प्र.से.) ने की।

 

 

 

 

 

बैठक में चैत्र मास के दौरान लगने वाले मेलों की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर मंदिर के न्यासी एवं कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया ने मेला व्यवस्था को और अधिक सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने सुझाव दिया कि मेलों के दौरान सभी माननीय न्यासी सदस्यों एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों को मेला सेक्टर ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया जाए, ताकि मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षण संस्थानों से मेलों के दौरान बुलाए जाने वाले अध्यापकों एवं अन्य स्टाफ की आवश्यकता कम होगी और बच्चों की पढ़ाई तथा शैक्षणिक कार्य प्रभावित नहीं होंगे।
बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सुभाष ढटवालिया ने खेद व्यक्त किया। उन्होंने  जिलाधीश से आग्रह किया कि जो अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे, उन्हें कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज नोटिस) जारी किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी महत्वपूर्ण बैठकों की गरिमा बनी रहे और अधिकारी जिम्मेदारी के साथ उपस्थित रहें।