जयराम-अनुराग पर CM सुक्खू का पलटवार, हमीपुर मेडिकल कॉलेज डॉ. मनमोहन की देन
हमीरपुर/नादौन। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हमीरपुर जिले के नादौन के मंझेली और कड़साई में आयोजित जनसभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय सांसद अनुराग ठाकुर पर तीखी टिप्पणियां कीं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेताओं पर हमीरपुर क्षेत्र की उपेक्षा करने और विकास परियोजनाओं के श्रेय को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमीरपुर जिले की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान, क्षेत्र से दो विधायक होने के बावजूद, मंत्रिमंडल में किसी को भी शामिल नहीं किया गया।
सुक्खू ने इस बात पर जोर दिया कि जयराम ठाकुर ने हमीरपुर का दौरा तक नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार हमीरपुर को सबसे आधुनिक मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित कर रही है।
अनुराग ठाकुर के दावों को नकारा
मुख्यमंत्री ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के इस दावे को सिरे से नकार दिया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भाजपा सरकार की देन है। सुक्खू ने स्पष्ट किया कि इस कॉलेज की वास्तविक देनदार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने इस परियोजना के लिए पहले 190 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे।
केवल आधारशिला रखने का आरोप
सुक्खू ने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में जयराम ठाकुर ने केवल मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी और इसके अलावा कोई महत्वपूर्ण कार्य नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने निर्माण कार्य को पूरा करने और इसे आधुनिक बनाने के लिए अपने संसाधनों से 400 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि जारी की है, जिससे यह प्रदेश के सबसे भव्य मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर विकसित हो सके।
विकास में नहीं आने देंगे कोई कमी
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए नादौन के लोगों के अटूट विश्वास के प्रति आभार जताया और कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने विधायक कैप्टन रंजीत सिंह के बयान का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के खिलाफ जो लोग भ्रष्टाचार से बैकडोर एंट्री कर रहे थे, अब उनकी आवाज बंद कर दी गई है।