CM सुक्खू बोले- हिमाचल में OPS बहाली के बाद केंद्र ने लगाए आर्थिक प्रतिबंध

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के कड़साई में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधा।
 

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के कड़साई में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ा निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने ओपीएस बहाल करने का अपना चुनावी वादा पूरा किया है। मगर केंद्र सरकार ने इसके एवज में हिमाचल प्रदेश पर कई वित्तीय बंदिशें लगा दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओपीएस बहाल करने का फैसला कर्मचारियों के हित में लिया गया, जो दशकों से प्रदेश की सेवा कर रहे हैं।

हालांकि, उन्होंने केंद्र के रुख पर चिंता व्यक्त की, जिसके कारण राज्य को अतिरिक्त वित्तीय दबाव का सामना करना पड़ रहा है। सुक्खू ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ कच्ची हल्दी, गेहूं, मक्का और जौ पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) प्रदान करने और मनरेगा के तहत दिहाड़ी में 80 रुपये की बढ़ोतरी करने जैसे कदमों का उल्लेख किया। ये पहल ग्रामीण आय को बढ़ाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से की गई हैं।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने मंझेली और कड़साई में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मंझेली में पटवार वृत्त और स्वास्थ्य उप-केंद्र खोलने की घोषणा की। कड़साई में मुख्यमंत्री ने ₹2.04 करोड़ की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला भी रखी।