Hamirpur : ठाणा दरोगन में स्थापित होगा टोल प्लाजा, ग्रामीण विरोध में उतरे

विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के तहत टौणीदेवी क्षेत्र के किसानों की भूमि का राष्ट्रीय राजमार्ग- 70 के लिए और अधिग्रहण करने पर बिफर गए हैं।
 

हमीरपुर।  विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के तहत टौणीदेवी क्षेत्र के किसानों की भूमि का राष्ट्रीय राजमार्ग- 70 के लिए और अधिग्रहण करने पर बिफर गए हैं। उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। हमीरपुर से मंडी एनएच के तहत यहां ठाणा दरोगण में एनएचएआई का टोल प्लाजा लगना प्रस्तावित है, लेकिन अभी से ही इसका विरोध शुरू हो गया है। क्षेत्र के किसान एवं पूर्व सैनिक प्रकाश चंद सहित अन्यों ने बताया कि उनकी भूमि पहले ही अधिगृहित की जा चुकी है।

अब टोल प्लाजा के लिए और भूमि का अधिग्रहण शुरू कर दिया गया है। जिस भूमि का चयन किया गया है वे सबसे अधिक उपजाऊ है। प्रकाश चंद ने बताया कि उनकी भूमि खेतीबाड़ी के लायक है। सारी भूमि को अब एनएच के लिए ले लिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक के साथ अधिकारियों से भी इस संबंध में लिखित तौर पर गुहार लगाई है कि खेतीबाड़ी वाली भूमि का इतना अधिग्रहण न किया जाए।

इसके साथ ही टौणीदेवी क्षेत्र के कई किसानों ने भी भूमि का अतिरिक्त अधिग्रहण करने का विरोध किया है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमित चौबे ने कहा कि टोल प्लाजा के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।