Himachal Fire : हिमाचल के सिरमौर, शिमला, किन्नौर और मंडी में अग्निकांड, दो लोग जिंदा जले

हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में बीते दो दिनों में भीषण अग्निकांड में चार घर जल कर राख हो गए। यह घटनाएं हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, किन्नौर, मंडी और सिरमौर जिले में हुई हैं। किन्नौर में हुए अग्निकांड में दो लोग जिंदा जल गए हैं।
 

वेब टीम। हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में बीते दो दिनों में भीषण अग्निकांड में चार घर जल कर राख हो गए। यह घटनाएं हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, किन्नौर, मंडी और सिरमौर जिले में हुई हैं। किन्नौर में हुए अग्निकांड में दो लोग जिंदा जल गए हैं। जानकारी के अनुसार किन्नौर जिलें में अग्निकांड हुआ है। यहां पर एक मकान में देर रात आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

घटना किन्नौर जिले के नाथपा गांव की है। आधी रात को मकान में आग लगी थी। इस दौरान मकान में सोए हुए दो नेपाल मूल के व्यक्तियों की जल कर मौत हो गई है। इससे पहले, सोमवार को भी किन्नौर जिले के सांगला में दो मंजिल मकान के दो कमरे जलकर खाक हो गए थे। सांगला तहसील के केदारचो के समीप हुरबा में लकड़ी दोमंजिला के मकान में आग लगी थी।


शिमला के ठियोग में भी मंगलवार को पंचायत बगैन के शिकार गांव आग लगने की घटना पेश आई थी। पूरा मकान आग की भेंट चढ़ गया था। ये मकान श्रीराम शर्मा का बताया जा रहा है। आठ कमरों का दो मंजिला मकान जलकर राख होने से ठंड में पूरा परिवार बेघर हो गया था। इसी तरह मंगलवार को सिरमौर में भयंकर अग्निकांड हुआ था और दो मकान जलकर राख हो गए।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पनोग के सिधोटी गांव में अग्निकांड की घटना पेश आई थी। यहां 2 रिहायशी मकान पूरी तरह से आग की भेंट चढ़ गए। गनीमत यह रही है कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए हैं। दोनों मकान मालिकों को लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है। 

उपमंडल सुंदरनगर की निहरी तहसील के नेहरा गांव में एक तीन मंजिला घर जलकर राख हो गया। इसे दो परिवार बेघर हो गए हैं। परिवार के सदस्य तन पर पहने कपड़ों के सिवा कुछ भी नहीं बचा पाए। हादसा सोमवार देर रात को हुआ है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि और तिरपाल और कंबल मुहैया करवा दिए हैं।