चौगान नंबर-1 के लिए जल्द लगेगी लिफ्ट, ग्राउंड जीरो पर पहुंचे DC चंबा
चम्बा। हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर चम्बा को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। बस अड्डा से शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले चौगान नंबर-1 तक आम जनता और पर्यटकों की सुगम आवाजाही के लिए प्रस्तावित लिफ्ट निर्माण परियोजना अब धरातल पर उतरने को तैयार है।
उपायुक्त चम्बा, मुकेश रेपसवाल ने आज स्वयं उन संभावित स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया जहां इस लिफ्ट का निर्माण किया जा सकता है। शहर की कठिन चढ़ाई को सुगम बनाने के लिए प्रशासन तीन प्रमुख विकल्पों पर विचार कर रहा है। उपायुक्त ने बस स्टैंड, तत्त्वनी और कसकड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने तकनीकी मानकों पर अधिकारियों के साथ गहन मंथन किया।
-
तकनीकी व्यवहार्यता : क्या चयनित स्थल लिफ्ट के ऊर्ध्वाधर ढांचे के लिए तकनीकी रूप से सुरक्षित और स्थिर है?
-
एक्सेसिबिलिटी और जनसुविधा : आम जनता, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए कौन सा पॉइंट सबसे सुलभ और सुविधाजनक होगा?
-
एडीबी (ADB) फंडिंग : उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एशियाई विकास बैंक को विस्तृत प्राक्कलन (Estimate) भेजा जा रहा है, जिसकी विभागीय प्रक्रियाएं अब अंतिम चरण में हैं।
धार्मिक आस्था और बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त केवल लिफ्ट तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने चम्बा की आस्था और विरासत से जुड़े दो अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का भी जायजा लिया:
-
रावी तट पर भव्य पूजा घाट : शीतला मंदिर के समीप रावी नदी के तट पर एक भव्य पूजा घाट प्रस्तावित है। उपायुक्त ने स्थल का अवलोकन कर इसे श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए।
-
प्राचीन शीतला पुल की बहाली : भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए ऐतिहासिक शीतला पुल के मरम्मत कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्होंने विभाग को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता की सख्त हिदायत दी ताकि स्थानीय यातायात जल्द सुचारू हो सके।
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जोगिंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।