शिकार का शौक बना मौत, चंबा में दोस्त की टांगों में लगी गोली, चार गिरफ्तार
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शिकार के लिए निकले युवकों के समूह के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीसा क्षेत्र के चकलू में जंगली जानवरों का शिकार करने गए पांच दोस्तों में से एक युवक की अचानक गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दलीप उर्फ दीपू (निवासी तीसा, तहसील चुराह) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम तीसा क्षेत्र के पाँच दोस्त एक कार में शिकार करने के लिए चंबा के चकलू क्षेत्र की ओर निकले थे। वे अपने साथ एक बंदूक भी ले गए थे। बताया जा रहा है कि कार में बैठते ही अचानक बंदूक से गोली चल गई, जिसने दलीप उर्फ दीपू की दोनों टांगों को भेद दिया।
गोली लगने के बाद दलीप को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। उसके चारों साथी तुरंत दलीप को अपनी गाड़ी में डालकर इलाज के लिए तीसा अस्पताल ले गए। हालाँकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली लगने के कारण ज्यादा खून बह जाने से उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुँची और शव को कब्जे में लिया।
चार साथी हिरासत में, अवैध बंदूक पर जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक दलीप के चारों साथियों को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान रूप सिंह, हैप्पी, सुशील और लवली (सभी तीसा के स्थायी निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना चारों सहयोगियों की लापरवाही से हुई है, जिसके चलते उनके खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा हितेश लखनपाल ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि जिस बंदूक से गोली चली, वह किसकी थी और क्या उसके पास लाइसेंस था या नहीं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बंदूक दलीप की थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि गोली दुर्घटनावश चली या किसी अन्य वजह से। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।