हिमाचल में कोरोना वायरस के तीन नए मामले, कांगड़ा और चंबा जिले में हड़कंप
धर्मशाला/चंबा। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के तीन मामले सामने आए हैं। कांगड़ा जिला में जमानाबाद के बाद चंबा जिला के दो युवक कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। बताया जा रहा है जिला चंबा के सलूणी क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक हाल ही में बद्दी से लौटे थे। जिला चंबा के 42 सैंपल जांच के लिए लगाए गए थे, इनमें से दो पॉजिटिव पाए गए हैं व एक सैंपल दोबारा लिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं।
चंबा के दोनों युवक 30 अप्रैल को बद्दी से सलूणी आए थे और गृह निगरानी में थे। बुधवार को इन दोनों के सैंपल लिए गए, जिसमें दोनों पॉजिटिव आए हैं। दोनों बद्दी के निजी उद्योग में नौकरी करते हैं। कहा जा रहा है कि दोनों बद्दी में ही संक्रमित हुए हैं। चंबा प्रशासन सतर्क हो गया है और सलूणी का इलाका सील कर दिया गया है।
हिमाचल में 46 हुए मरीज
प्रदेश में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 46 हो गया है। हालांकि, इनमें 38 स्वस्थ हो चुके हैं व अब 5 मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। कोरोना संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें बद्दी से चंडीगढ़ रेफर की गई दिल्ली की महिला भी शामिल है।
कांगड़ा में भी सामने आया मरीज
इससे पहले पाॅजिटिव आया मरीज कांगड़ा के जमानाबाद क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन ने फेसबुक पर पोस्ट कर इस संबंध में जानकारी साझा की। व्यक्ति 21 मार्च को दुबई से लौटा था, लेकिन लॉकडाउन लगने के कारण दिल्ली में दोस्त के पास रुक गया था। 27 अप्रैल को वह टैक्सी के माध्यम से चार दोस्तों के साथ कांगड़ा लौटा था। दुबई में यह किसी टूरिज्म कंपनी में काम करता था।
जम्मू लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव
जिला ऊना के गगरेट दो मई को जम्मू लौटा युवक कोरोना पाया गया है। निजी कंपनी में कार्यरत था, अम्बोटा में किराये के कमरे में रहता था। प्रशासन यहां सतर्क हो गया है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को रिकॉर्ड 598 सैंपल जांच के लिए लगाए गए हैं, इनमें से 526 की रिपोर्ट नेगेटिव व 3 की पॉजिटिव आई है। अभी 69 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।