हिमाचल में कोरोना के 26 नए मामले, 273 पहुंचा आंकड़ा

शिमला/धर्मशाला/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। ज्यों-ज्यों दूसरे राज्यों में फंसे हिमाचली नागरिक वापिसी कर रहे हैं, त्यों-त्यों ही कोरोना पॉजिटिव के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को 26 और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा जिला हमीरपुर में 15, बिलासपुर में 7,
 

शिमला/धर्मशाला/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। ज्यों-ज्यों दूसरे राज्यों में फंसे हिमाचली नागरिक वापिसी कर रहे हैं, त्यों-त्यों ही कोरोना पॉजिटिव के आंकड़ों में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को 26 और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा जिला हमीरपुर में 15, बिलासपुर में 7, तीन कांगड़ा जिले में और एक ऊना का मरीज शामिल है। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा के कुल्थी और शीला के दो मरीज स्वस्थ भी हो गए। उन्हें वीरवार को छुट्टी दी जाएगी। हमीरपुर जिले के 15 मरीजों में 5 बड़सर, 3 नादौन और 6 हमीरपुर तथा एक भोरंज का रहने वाला है। इनमें से ज्यादातर मुंबई से लौटे हैं।

बिलासपुर में सात नए मरीज सामने आए हैं। तीन लोग स्वारघाट में संस्थागत, तीन जोल प्लासी कुठेड़ा में होम क्वारंटीन थे और एक वामटा से एचआरटीसी कंडक्टर शामिल है। इनमें दो लोग दिल्ली के बस और टैक्सी चालक हैं। वहीं, ऊना का व्यक्ति दिल्ली से परिवार सहित लौटा है। उसे खड्ड कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है।

कांगड़ा जिले में तीन और पॉजिटिव

कांगड़ा जिले में तीन और लोगों के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें एक जिला के फतेहपुर के नलहरी तलाड़ा का 29 वर्षीय पुरुष शामिल हैं, जो चार दिन पहले दिल्ली से परिवार सहित लौटा था। दूसरा 30 वर्षीय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा का रहने वाला है। तीन दिन पहले गुरुग्राम से लौटा था। इसके अलावा तीसरा युवक पालमपुर से है। खनियारा का व्यक्ति तीन दिन से निफ्ट कांगड़ा में क्वारंटीन था। वहीं, फतेहपुर के नलहरी तलाड़ा का व्यक्ति परिवार सहित संस्थागत क्वारंटीन था। अब परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल जांचे जाएंगे इनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को कोविड-19 केयर सेंटर डाढ में शिफ्ट कर दिया है। प्रदेश में अब तक 273 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 198 एक्टिव केस हैं, 70 ठीक हो चुके हैं, जबकि पांच की मौत हो चुकी है।