लद्दाख में चार और जम्मू कश्मीर में तीन कोरोना वायरस से पीड़ित
जम्मू। जम्मू कश्मीर और लद्दाख में सोमवार को एक-एक और मरीज में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर जम्मू कश्मीर में संक्रमित मरीजों की संख्या तीन और लद्दाख में चार हो गई है। जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के संदिग्धों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को 306 और लोगों को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अपनी निगरानी में रखा। इन्हें मिलाकर अब तक जम्मू कश्मीर में विदेशों से लौटे और उनके संपर्क में आए 2478 लोगों को निगरानी में रखा गया है। सोमवार को जिन चार लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उनमें एक जम्मू कश्मीर और एक लद्दाख का रहने वाला है। दोनों को अस्पताल में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
उधर, नेशनल हेल्थ मिशन के मिशन निदेशक भूपेंद्र कुमार के अनुसार, सोमवार तक जम्मू-कश्मीर में विदेशों से लौटे और उनके संपर्क में आए 2478 लोगों को निगरानी में रखा गया है। इनमें से 2025 को होम क्वारंटाइन, जबकि 29 को अस्पतालों में क्वारंटाइन सुविधा में रखा है। इसके अलावा 178 की घरों में निगरानी हो रही है। 176 लोगों ने जरूरी सर्विलांस पीरियड पूरा कर लिया है। अभी तक कुल 106 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिनमें से 100 की रिपोर्ट आई है। 98 की रिपोर्ट नेगेटिव है और तीन में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। छह सैंपल की रिपोर्ट अभी भी आना शेष है।
प्रशासन ने उठाए एहतियातन कदम
- ट्रांसपोर्ट विभाग ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ट्रायल किए रद्द।
- सभी सार्वजनिक वाहनों को किया जाएगा सैनिटाइज।
- हाईकोर्ट ने केवल जरूरी मामलों की होगी सुनवाई।
- ऊधमपुर के पर्यटक स्थल पटनीटॉप के सभी होटल 31 मार्च तक बंद।
- नागरिक सचिवालय में आम लोगों के प्रवेश पर 31 मार्च तक रोक।
- कश्मीर में पार्क और बाग-बगीचे आम लोगों व पर्यटकों के लिए बंद।
- जम्मू कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में एसडीआरएफ तैनात।
- पुंछ जिला और गांदरबल में एहतियातन 144 लागू।