तबलीगी जमात से हिमाचल लौटे कई लोग कोरोना पाॅजिटिव, मचा हडकंप
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये लोग दिल्ली की निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात में भाग लेकर लौटे थे। प्रशासन ने इनकी भनक लगते ही इन्हें क्वारंटाइन कर दिया था। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव के मामलों का आंकड़ा छह हो गया है। हालांकि, एक की मृत्यु हो गई है व एक स्वस्थ हो गया है। इसके अलावा एक का उपचार चल रहा है। इस तरह अब प्रदेश में वर्तमान में कोरोना के चार मरीज हैं। वीरवार को हिमाचल में कुल 27 सैंपल लिए गए थे। इनमें से एक की रिपोर्ट आना बाकी है, जबकि अन्य नेगेटिव पाए गए हैं।
इसके अलावा जिला कांगड़ा से कल सामने आए तीन संदिग्धों में से दो की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जबकि एक का इंतजार है। बुधवार को प्रशासन ने नूरपुर क्षेत्र के तीन लोगों में स्क्रीनिंग के दौरान कोरोना के शुरुआती लक्षण पाए थे। इसके बाद उन्हें आइसोलेशन में भर्ती किया गया था। वीरवार को इनके कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए थे।
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्स्पतालल टांडा में वीरवार को 22 लोगों के सैंपल की जांच की गई, इनमें से 11 लोग निजामुद्दीन मरकज दिल्ली में जमात से लौटे थे। इसमें से तीन जिला कांगड़ा और आठ ऊना से थे। ऊना के आठ में से पांच सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव रही है। इसकी पुष्टि अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने की है।