हिमाचल में 445 पहुंची कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या
शिमला/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मंगलवार को 24 नए मामले पाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आठ मामले सिरमौर जिला से आए हैं। इसके अलावा कांगड़ा से छह, ऊना से पांच, बिलासपुर से दो, जबकि हमीरपुर-शिमला और मंडी से एक-एक केस सामने आया है। इसके साथ कोरोना पॉजिटिवों की संख्या 445 तक पहुंच गई है।
मंगलवार को प्रदेशभर से कोरोना संक्रमण के 1268 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें जिला बिलासपुर के 42, चंबा के 98, हमीरपुर के 76, कांगड़ा के 276, किन्नौर के 66, कुल्लू के 75, मंडी जिला के 72, शिमला के 92, सिरमौर जिला के 123, सोलन जिला के 193 और ऊना जिला के 126 सैंपल शामिल थे। 1184 सैंपल्स की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, जबकि 11 सैंपल्स की पॉजिटिव। इसके अलावा 73 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी थी। इसके अलावा मंगलवार को मिले बाकी पॉजिटिव सोमवार के शेष सैंपलों की जांच में मिले हैं।
हिमाचल में अब तक कुल 47 हजार 684 सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें से 47 हजार 166 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। राज्य में अब कोरोना के संक्रमित मामलों की संख्या 445 हो गई है। इसके अलावा 245 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके बाद अब कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 184 रह गई है। हिमाचल में पांच लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो चुकी है।