CORONA TEST आज से चंबा में ही होंगे, टांडा नहीं भेजे जाएंगे सैंपल
चंबा। कोरोना टेस्ट (CORONA TEST) को लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज को बड़ी सौगात मिली है। इससे जिला के लोगों को राहत मिलेगी। अब चंबा जिले में CORONA TEST के लिए लिये जाने वाले सैंपल को जांच के लिए कांगड़ा यानी टांडा नहीं भेजा जाएगा। शुक्रवार यानी आज से चंबा में ही कोरोना सैंपल की जांच हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार कोरोना वायरस के सैंपल की जांच शुक्रवार से पं. जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज चंबा में होगी। जिला के विभिन्न चिकित्सा खंडों से एकत्रित सैंपल शुक्रवार से जांच के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा नहीं भेजे जाएंगे। मेडिकल कालेज चंबा में शुक्रवार से पीसीआर टेस्टिंग की सुविधा आरंभ हो जाएगी। इससे मेडिकल कालेज चंबा में ही कोरोना वायरस सैंपलों की जांच होगी। सीएमओ चंबा डा. राजेश गुलेरी ने खबर की पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि पहले चंबा जिला में पीसीआर टेस्टिंग की सुविधा नहीं थी। ऐसे में कोरोना वायरस सैंपलों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा भेजने पड़ता था। इससे सैंपलों को भेजने और वहां से जांच रिपोर्ट आने में काफी समय बर्बाद हो रहा था। मगर अब मेडिकल कॉलेज चंबा के माइक्रो बायोलोजी विभाग के तहत पीसीआर लैब में कोरोना सैंपल की जांच को लेकर स्थापित उपकरण काम करना आरंभ कर देंगें। इस पीसीआरलैब में दो थर्मोसाइकिलर मशीनों के माध्यम से टेस्ट किए जाएंगे। प्रतिदिन लगभग सौ से अधिक सैंपल टेस्ट किए जा सकेंगे। जिला में प्रक्रिया आरंभ हो जाने से जांच की रफ्तार बढ़ेगी।
मेडिकल कॉलेज में पीसीआर टेस्टिंग सुविधा होगी आरंभ
उधर, सीएमओ चंबा डा. राजेश गुलेरी ने बताया कि शुक्रवार से कोरोना वायरस सैंपल की जांच मेडिकल कालेज चंबा में होगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेज में पीसीआर टेस्टिंग सुविधा आरंभ होने जा रही है। इसके बाद अब चंबा जिला के सैंपलों को जांच के लिए मेडिकल कालेज टांडा नहीं भेजा जाएगा। बहरहाल, शुक्रवार से मेडिकल कालेज चंबा में पीसीआर टेस्टिंग की सुविधा आरंभ होने जा रही है।