भरमौर में तैयार हो लैंड बैंक, सरकारी भवनों के निर्माण में नहीं अटेकेगा रोड़ा
भरमौर। भरमौर उपमंडल में निर्माणाधीन 100 बिस्तर वाले नागरिक अस्पताल के कार्य पर 19 करोड़ 57 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर पीपी सिंह ने स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ विभिन्न स्कीमों पर चर्चा करते हुए दी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि आयुर्वेदिक अस्पताल के लिए 67 लाख की धनराशि प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय उपयोजना के तहत मंजूर की गई है। अस्पताल के निर्मित होने पर 10 बिस्तर की व्यवस्था होगी।
भरमौर मुख्यालय के सरकारी जमीन का लैंड बैंक बनाया जाएगा। इससे सरकारी भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित बनेगी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने तहसीलदार भरमौर को निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (लाडा) के तहत आने वाले ग्राम पंचायतों के क्षेत्र के भीतर सरकारी जमीन चिन्हित की जाए, ताकि सरकारी भवन निर्माण कार्यों के लिए जमीन की उपलब्धता आसानी से हो सके।
बाहर से आगे वाले की कोरोना जांच करवाई जाए
उन्होंने आयुर्वेद और स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की उपलब्धता तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों, आशा वर्कर्स की कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रभावी उपायों व फील्ड में कार्य को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित शर्मा व कार्यवाहक उपमंडल आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक को निर्देश देते हुए कहा कि भरमौर उपमंडल में पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि क्षेत्रों से आए लोगों के सैंपल लेने और स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित बनाई जाए।