खुलासाः हिमाचल में 9 लाख में से 4 हजार लोगों में कोरोना जैसे लक्षण
शिमला। हिम सुरक्षा अभियान (Him Suraksha Abhiyan) के तहत घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। Him Suraksha Abhiyan में हिमाचल (HIMACHAL) में 9 लाख लोगों की जांच की गई है जिसमें करीब 4 हजार लोगों में कोरोना (Corona) के लक्षण पाए गए हैं। विभाग ने अब इन सबके सैंपल लेना शुरू कर दिए हैं। नजदीकी मेडिकल कॉलेज में इनके सैंपल भेजे जाएंगे और उनकी जांच की जाएगी।
सरकार ने हिम सुरक्षा अभियान के तहत प्रदेश के 10 जिलों के मोबाइल एंबुलेंस चलाई है। इसमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन और नर्स तैनात हैं। इस अभियान में 8 हजार टीमें लगाई गई हैं, ताकि सबकी जांच सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला के रिज मैदान से अभियान का शुभारंभ किया था, जो 27 दिसंबर तक चलेगा।
अभियान में आयुर्वेद, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज विभाग, जिला प्रशासन और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों को शामिल किया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता कोविड-19, तपेदिक, कुष्ठ रोग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप आदि रोगों के लक्षणों की भी जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
हिमाचल के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि हिम सुरक्षा अभियान का असर दिखने लगा है। प्रदेश में 9 लाख लोगों के स्वास्थ्य जांच की गई है। इनमें पौने 4 हजार लोगों में कोरोना के पॉजिटिव होने की संभावना लग रही है और इनकी टेस्टिंग शुरू कर दी है।
लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, हमीरपुर में अभियान ढीला
हिमाचल के चार जिलों में कोरोना सैंपल कम लिए जा रहे हैं। इनमें लाहौल-स्पीति, चंबा, हमीरपुर और किन्नौर शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने सीएमओ को सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बाकायदा, इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिमाइंडर भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का तर्क है कि लोग टेस्ट करने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
शिमला और कांगड़ा और मंडी में रिकॉर्ड सैंपलिंग
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिला शिमला और कांगड़ा और मंडी में रिकॉर्ड सैंपलिंग हो रही है। जिला शिमला और कांगड़ा में प्रतिदिन 13 से 15 सौ के बीच लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इन जिलों में कोरोना ने विकराल रूप धारण किया है। इन जिलों में ही सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज आ रहे हैं। डेथ रेट में भी ये जिले पहले और दूसरे नंबर पर हैं।