गंभीर रोगों से ग्रसित रोगियों के परिवारों को अब 3 हजार का सहारा
शिमला। हिमाचल प्रदेश में गंभीर बीमारियों से ग्रसित रोगियों के परिवारों को सहारा देने की पहल की है। सरकार अब सहारा योजना के अंतर्गत गंभीर रोगों के पीड़ितों रोगियों के परिवारों को 3 हजार रुपये मासिक वित्तीय सहायता देगी। इससे पहले यह वित्तीय सहायता दो हजार रुपये दी जाती थी। अब प्रदेश सरकार ने इसे बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दिया है। इससे प्रदेश के लगभग 7 हजार परिवार लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहारा योजना का अब तक 6550 परिवार लाभ ले चुके हैं। इस पर 3.45 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीरवार को शिमला से डलहौजी भाजपा मंडल की वर्चुअल जन संवाद रैली को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब कोरोना वायरस की जांच और उपचार हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत करवाएगी। इसका निर्णय लिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 5.69 लाख पात्र लोगों को तीन महीने की अग्रिम सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी गई है। ताकि महामारी के समय समाज के संवेदनशील वर्ग को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 44 हजार नए मामले भी स्वीकृत किए गए हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रयासरत है कि हिमाचल प्रदेश कोविड-19 के कारण आए आर्थिक संकट की स्थिति से जूझ रहा है। इससे शीघ्र ही बाहर निकलने के लिए मंत्रिमंडलीय उप-समिति और टास्क फोर्स गठित की हैं। यह प्रदेश की आर्थिकी को बहाल करने के लिए अपने सुझाव देंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं न्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत लगभग एक लाख श्रमिकों को 40 करोड़ रुपये व्यय कर मार्च व अप्रैल, 2020 माह के लिए दो-दो हजार रुपये दिए हैं।
विश्व के विकसित देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी ने समूचे विश्व के समक्ष एक बड़ी चुनौती पैदा की है। मगर अधिकांश विकसित देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर है। लगभग 142 करोड़ की जनसंख्या वाले विश्व के 15 सर्वाधिक विकसित देशों में 4.10 लाख लोगों की मृत्यु हुई है। मगर भारत में कोविड-19 के कारण अभी तक लगभग 8200 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। उन्होंने इस महामारी के दृष्टिगत यथा समय और दूरदर्शी निर्णय लिए। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान-सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के लगभग 8.74 लाख किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये जमा किए गए हैं। इसी प्रकार, कोविड-19 के दृष्टिगत प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अन्तर्गत अप्रैल, मई और जून माह के लिए लगभग 5.90 लाख पात्र महिलाओं के खातों में 500 रुपये प्रतिमाह जमा किए गए हैं।