श्रीनगर एयरपोर्ट पर सेना का जवान 2 नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़ा
श्रीनगर। श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सेना के एक जवान को दो नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़ा है। एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि सेना का यह जवान इन दोनों नाबालिग लड़कियों के साथ जम्मू-कश्मीर से बाहर जाने की योजना बना रहा था। जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचा तो वहां मौजूद एयरपोर्ट अधिकारियों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ लिया।
पकड़े के सेना के जवान की पहचान लांस नायक अशोक कुमार पाल के तौर पर हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जवान व दोनों नाबालिग लड़कियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बांडीपोरा में तैनात यह जवान स्थानीय लड़कियों को लेकर दिल्ली जाने की फिराक में था। जब वह एयरपोर्ट में दाखिल हुआ तो वहां तैनात एयरपोर्ट कर्मचारियों को उस पर शक हो गया। हालांकि जवान ने अपनी व दोनों लड़कियों की दिल्ली जाने की टिकट बुक करा ली थी। पूछने पर जब वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए तो अधिकारियों ने उन्हें हुमहामा पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस का कहना है कि अभी तक जवान ने दोनों लड़कियों को दिल्ली से जाने के पीछे के मकसद के बारे में नहीं बताया है। उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों लड़कियां नाबालिग हैं और उनके परिजनों को भी थाने बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।