कोरोना: जम्मू-कश्मीर में कोरोना पीड़ित मरीज की मौत
जम्मू। कोरोना वायरस के वैश्विक कहर के बीच जम्मू-कश्मीर में कोविड-19 महामारी से मौत का पहला मामला सामने आया है। जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस से 65 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई है। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव रोहित कंसल ने बताया कि श्रीनगर में एक 65 साल के बुजुर्ग की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई। इस शख्स के संपर्क में आने से चार और लोग कल कोरोना के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।
देश में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अभी तक इससे 606 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 563 भारतीय नागरिक हैं और विदेशी नागरिक 43 हैं। 606 में 43 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले सबसे अधिक 122 महाराष्ट्र में है। वहीं, केरल में 118, कर्नाटक में 41, गुजरात में 38, उत्तर प्रदेश में 37, राजस्थान में 36, तेलंगाना में 35, दिल्ली में 31, पंजाब में 29, हरियाणा में 28, तमिलनाडु में 18, मध्य प्रदेश में 14, लद्दाख में 13 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज हैं। वहीं, गोवा में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है, वहां तीन नए मामले सामने आए हैं।