COVID-19 / JAMMU-KASHMIR में 42 नए मामले, अब तक 1492 संक्रमित
जम्मू । जम्मू-कश्मीर (JAMMU KASHMIR) में कोरोना (COVID-19) संक्रमण से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही। प्रदेश में शुक्रवार को 42 नए मरीज सामने आए हैं। इसमें JAMMU संभाग में बाहर से लौटे छात्र-छात्रा समेत 9 और कश्मीर में 33 लोग शामिल हैं। इसके साथ प्रदेश में संक्रमित मामलों का कुल आंकड़ा 1492 तक पहुंच गया है। इसमें कुल 751 सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग में 148 और 603 कश्मीर में हैं।
जम्मू शहर में मिले दो COVID-19 पॉजिटिव मामलों में तालाब तिल्लो निवासी छात्र तथा नगरोटा निवासी छात्रा एक होटल में क्वारंटीन थे। दोनों दूसरे राज्यों से कुछ दिन पहले लौटे हैं। जांच के लिए इनके सैंपल भेजे गए थे। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शुक्रवार देर शाम को उन्हें कोविड अस्पताल भेजा गया।
इस बीच प्रदेश में शुक्रवार को 36 पॉजिटिव मरीज ठीक होकर अस्पतालों से घरों को चले गए। इसमें सांबा में 1 और 35 कश्मीर में रिकवर हुए। कश्मीर में रिकवर होने का ग्राफ बढ़ा है। प्रदेश में अब तक मिले कुल 1490 मरीजों में जम्मू में 219 व कश्मीर में 1271 हैं। कश्मीर में मिले पॉजिटिव मामलों में आधे से अधिक ठीक हो गए हैं। यानी अब तक 650 लोग ठीक हुए हैं। जम्मू संभाग में भी 70 लोग स्वस्थ हुए हैं।
जम्मू कश्मीर में कोरोना से अब तक हो चुकी है 21 लोगों की मौत
कश्मीर में कोरोना संक्रमण जानलेवा हो रहा है। वीरवार को कश्मीर में दो और महिलाओं की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में कोरोना से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। इसमें कश्मीर संभाग के 18 लोग हैं। वीरवार को प्रदेश में कुलगाम जिले के 21 पुलिसकर्मियों समेत कोरोना संक्रमण के 59 केस मिले थे। इसमें जम्मू संभाग से आठ और बाकी कश्मीर संभाग के थे।
कोविड लैब को जिला स्तर पर सैंपल देने की तैयारी, आईसीएमआर को भी जाएगी रिपोर्ट
जम्मू कश्मीर में कोरोना सैंपल टेस्टिंग को गति देने और पारदर्शिता लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कोविड लैबों को जिला स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों की सैंपलिंग प्रक्रिया दी जाएगी। इसमें संबंधित जिलों की रिपोर्ट संबंधित लैब से ही मिल सकेगी। इस नई व्यवस्था के साथ सैंपलिंग के दौरान मरीज की जानकारी नए आरटी-पीसीआर एप में दर्ज की जाएगी। सैंपलिंग रिपोर्ट की सीधी जानकारी आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) को भी भेजी जाएगी। जम्मू में जीएमसी की माइक्रोबायोलाजी लैब, आईआईआईएम, सीडी अस्पताल की लैब, कमांड अस्पताल उधमपुर में संभाग स्तर के कोविड सैंपलों के टेस्ट किए जा रहे हैं।