कोरोना वायरस: हिमाचल में एक ही दिन में दो हजार लोग कर दिए क्वारंटीन
शिमला। केंद्र के लॉकडाउन और हिमाचल में कर्फ्यू के बावजूद बाहरी राज्यों से हिमाचल में प्रवेश करने वालों का सिलसिला अभी नहीं थमा है। बीते रविवार को पलायन पर केंद्र की सख्ती के बाद एक ही दिन में हिमाचल में करीब दो हजार लोगों को क्वारंटीन किया गया है। रविवार को गृह मंत्रालय की ओर से सख्त निर्देश जारी होने के बाद जिला प्रशासन व पुलिस ने अब तक दो हजार लोगों को क्वारंटीन सेंटरों में ठहरा दिया है। इन लोगों में कोरोना के लक्षण तो नहीं हैं लेकिन ये सभी हिमाचल की सीमा में बिना अनुमति प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में अब इन्हें जिलों में बनाए जा रहे क्वारंटीन सेंटरों में रखा जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार बिलासपुर में 102, चंबा में 88, हमीरपुर में 213, कांगड़ा में 273, किन्नौर में 09, लाहौल स्पीति में 02, कुल्लू में 113, मंडी में 217, शिमला में 163, सिरमौर में 138, सोलन व बद्दी में 148 और ऊना में 265 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। यह संख्या सोमवार सुबह 9 बजे तक की है।