Coronavirus in Himachal : 177 नए मरीज, जानिए किस जिले में कितने मामले
शिमला/चंबा/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश (Coronavirus In Himachal) में शुक्रवार को 177 कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं। सोलन में शाम को एक साथ 76 नए मामले आए हैं। चंबा जिले में 32, कांगड़ा में 14, मंडी आठ, सिरमौर 23, ऊना में 8, शिमला सात, हमीरपुर आठ, और कुल्लू में एक शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4728 पहुंच गया है। (Coronavirus In Himachal) 1422 सक्रिय मामले हैं। अब तक 3234 मरीज ठीक हो चुके हैं।
शुक्रवार को 149 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से राज्य में 24 लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार को भी दो कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा। 47 कोरोना मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। सोलन में एक साथ आए 76 मामलों में से 70 बद्दी और नालागढ़ के हैं। परवाणू से एक, सोलन एक, अर्की नौ और चंडी से पांच मामले आए हैं। टांडा अस्पताल में भर्ती दो मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जिसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया है।
कुल्लू जिले में आजमगढ़ यूपी से लौटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वहीं शिमला शहर के कृष्णानगर में एक ही परिवार के चार सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा उपनगर ढली में भी तीन नए मामले आए हैं। ढली में पॉजिटिव पाए गए यह तीन व्यक्ति सेब कारोबारी हैं। इन तीनों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा और कृष्णानगर में पॉजिटिव आए चार लोगों को डीडीयू शिफ्ट किया है।
शहर में सात नए मामले आने की पुष्टि मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने की है। सिरमौर जिले में अकेले पांवटा साहिब और शिलाई क्षेत्र से 15 कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जबकि नाहन क्षेत्र से सात और राजगढ़ में एक पॉजिटिव मरीज आया है।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चार कोरोना योद्धाओं समेत आठ पॉजिटिव
ऊना जिले में शुक्रवार को क्षेत्रीय के चार कर्मचारियों समेत आठ कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। इनमें दो स्टाफ नर्सें, एक लैब अटेंडेंट व एक नेत्र विभाग का कर्मचारी शामिल है। क्षेत्रीय अस्पताल में चार कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है।