कोरोना वायरस : अमृतसर के होटल में अलग रखे 13 इतालवी पर्यटक
चंडीगढ़। इटली से आए 13 पर्यटकों को अमृतसर के एक होटल में स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के लक्षणों की जांच के लिए अलग रखा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इन पर्यटकों को होटल में अपने कमरों से बाहर नहीं जाने को कहा गया। वे वीरवार को पहुंचे थे।
अमृतसर के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) विकास हीरा ने बताया कि शुक्रवार को मेडिकल जांच के दौरान उनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं नजर आये। उसके बाद उन्हें दिल्ली जाने की इजाजत दे दी गयी। उससे पहले अमृतसर की सिविल सर्जन प्रभदीप कौर ने बताया था कि उन्हें होटल के कमरों में ही अलग रखा गया है। गलती से पहले उन्हें ईरानी समझ लिया गया था। एसडीएम ने बताया कि ये पर्यटक पिछले चार दिनों से भारत की यात्रा पर हैं और वे हरिद्वार से अमृतसर आये थे। वे एक दिन के लिए यहां आये थे।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में, वे गये, वहां उनका मेडिकल परीक्षण किया गया लेकिन उनमें कोरोना वायरस के लक्षण नजर नहीं आये। उन्होंने कहा कि उनके पास चिकित्सा जांच के वैध दस्तावेज थे। उन्होंने कहा कि लेकिन हमने एहतियात के तौर पर उनकी चिकित्सा जांच कराई।