जम्मू कश्मीर में 823 पहुंचा कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा
जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को 30 और लोगों के कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में इस महामारी की चपेट में आए लोगों की संख्या 823 हो गई। शुक्रवार को सभी नए मामले कश्मीर घाटी से सामने आए हैं।
कश्मीर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. सलीम खान ने बताया कि मरीजों में एक श्रीनगर के उस व्यक्ति का पिता है, जिसकी वीरवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। एक अन्य मरीज स्वास्थ्य कर्मी है। अब तक जो कुल 823 मामले सामने आए हैं उनमें से कश्मीर से 755 और जम्मू क्षेत्र से 68 मामले हैं। नौ मरीजों की मौत हो गई है, जबकि 364 लोग स्वस्थ हो गए हैं। कश्मीर घाटी में कोरोना वायरस संक्रमण के 437 और जम्मू में 13 मरीज अब भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।