कोरोना वायरस-हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक
शिमला। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के सामने आए मामलों को देखते हुए हिमाचल सरकार ने गुरुवार को बड़ा फैसला लिया है। हिमाचल में कोरोना वायरस की महामारी से बचने के लिए सरकार, प्रशासन, देव समाज और संस्थाओं ने बड़े कदम उठाए हैं। सरकार ने दूसरे राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटकों के हिमाचल में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। राज्य पर्यटन विकास निगम ने शिमला-दिल्ली और मनाली-दिल्ली रूट पर चलने वाली वोल्वो बस सेवा को तत्काल बंद कर दिया है। पंजाब से आने वाली और यहां से जाने वाली गाड़ियां भी निगम ने बंद कर दी हैं। निगम की सभी संपत्तियों की रोजाना विशेष सफाई करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा मनाली की टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल, वोल्वो एसोसिएशन समेत पर्यटन से जुड़ी संस्थाओं ने सभी गतिविधियों को विराम लगा दिया है। गुरुवार को एसडीएम मनाली रमन घरसंगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया है। कांगड़ा की सोभा सिंह आर्ट गैलरी और संग्रहालय बंद कर दिया है। मनाली का वशिष्ठ मंदिर और गर्म पानी के कुंड में नहाने पर रोक लगा दी गई है। स्टेट ओपन स्कूल और कृषि विवि पालमपुर ने सभी मिड-समेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। विवि के कुलपति प्रो. अशोक सरियाल ने यह आदेश जारी किए हैं। स्नातकोतर स्तर के सभी छात्रों के थिसिज से संबधित मौखिक परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं। हैं।