हिमाचल में कोरोना से दो महिलाओं की मौत, दोनों थीं किडनी की मरीज
शिमला/मंडी। हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव दो महिलाओं की मौत हो गई है। ये दोनों किडनी की मरीज थीं। हमीरपुर की 73 वर्षीय महिला शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन थी जबकि मंडी की महिला का नेरचौक मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। दोनों की मौत के बाद सूबे में इस महामारी से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले धर्मशाला, मंडी और हमीरपुर के एक-एक रोगी की मौत हो चुकी है। बुजुर्ग महिला का शिमला के कनलोग श्मशानघाट में परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने बताया कि इस महिला को 3 दिन पहले हमीरपुर मेडिकल कॉलेज से रेफर किया गया था। यहां इनका कोरोना टेस्ट किया गया, जिनमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रविवार को इनका डायलिसिस भी किया गया लेकिन देर रात मौत हो गई।
वहीं, नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी के एमएस डॉ. देवेंद्र ने बताया कि कोरोना संक्रमित महिला को सोमवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर वेंटिलेटर पर रखा गया था लेकिन शाम करीब सवा चार बजे इन्होंने दम तोड़ दिया। रत्ती निवासी महिला हाल ही में कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इनका इलाज दो निजी अस्पतालों में हुआ। साथ ही निजी सेंटर में डायलिसिस भी हुआ था। इससे पहले सरकाघाट के किडनी के मरीज और संक्रमित युवक ने भी आईजीएमसी में दम तोड़ दिया था।
शिमला के कनलोग श्मशानघाट में हुआ महिला का अंतिम संस्कार
आईजीएमसी अस्पताल में देर रात को दम तोड़ने वाली हमीरपुर की कोरोना संक्रमित महिला का सोमवार सुबह कनलोग श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोविड-19 को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही महिला का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक महिला के बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी। बेटे को नगर निगम ने पीपीई किट मुहैया करवाई थी। इसके अलावा शवगृह में अंदर गए पंडित समेत दो लोगों को भी पीपीई किट मुहैया करवाई गई थी। नगर निगम के चार अन्य कर्मचारी भी पीपीई किट पहनकर मौजूद रहे, जिससे जरूरत पड़ने पर इनकी मदद ली जा सके।