कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पीएम केयर पर जनता को किया गुमराहः भाजपा
धर्मशाला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा व प्रदेश प्रवक्ता उमेश दत्त ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के उस बयान निंदा की है जिसमें उन्होंने पीएम केयर अभियान पर प्रश्नचिन्ह लगाने का प्रयास किया है। राकेश शर्मा व उमेश दत्त कहा कि जहां इस संकट के दौर में पूरा देश एकजुट होकर प्रधानमंत्री के द्वारा बताए गए रास्ते पर चल रहा है और कोरोना जैसी महामारी से लड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। वहीं, कांग्रेस नेता कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए पीएम केयर फंड के बारे में देश व प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। यह कांग्रेस के नेताओं की विकृत सोच को प्रदर्शित करता है।
उमेश दत्त व राकेश शर्मा का मानना है कि कांग्रेस के नेताओं को संकट की इस घड़ी में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का आदर करते हुए इस लॉक डाउन को सफल बनाना चाहिए। साथ ही विपदा के समय पीएम केयर के माध्यम से जनता को अधिक से अधिक सहयोग देने की अपील करनी चाहिए, ताकि कोरोना को हराया जा सके। उमेश दत्त व राकेश शर्मा ने कहा कि इस संकट की इस घड़ी में कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के लिए करोड़ों रुपए का दान पीएम केयर मे देकर देश के प्रबुद्ध जन व आम नागरिक आगे आ रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस के नेताओं को भी इस देशव्यापी आपदा में राजनीतिक बयानबाजी से परहेज करना चाहिए तथा राष्ट्रव्यापी अभियान चलाते हुए प्रधानमंत्री व केंद्र एवं प्रदेश सरकारों द्वारा चलाए जाए अभियानों का समर्थन करना चाहिए। उमेश दत्त व राकेश शर्मा ने कहा कि कुलदीप राठौर को भी इस समय में राजनीतिक बयानबाजी को छोड़ते हुए देश व प्रदेश की सरकार का सहयोग करना चाहिए। साथ ही कोरोना से प्रत्यक्ष रूप से लड़ रहे स्वास्थ्य कर्मियों, डॉक्टरों, सुरक्षा कर्मचारियों का हौसला अफजाई करनी चाहिए।
कुलदीप राठौर और राजेंद्र राणा जनता के बीच फेला रहे नाकारात्मक सोच: कृपाल
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष कृपाल परमार ने अध्यक्ष कुलदीप राठौर और सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा पर करोना वायरस बीमारी को लेकर जनता के बीच नाकारात्मक सोच फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व प्रशासन लोगों की सेवा में लगे हुए हैं, वहीं कांग्रेस के यह नेता जनता को गुमराह करने वाली ब्यानबाजी कर राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम केयर फंड जिसमें देश का छोटे से बडा हर व्यक्ति दुख व परेशानी के इस दौर में सरकार की मदद को आगे आ रहा हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष को पीएम केयर फंड की स्थापना एक चाल नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा को अपनी आंखों से काला चश्मा उतार कर देखना चाहिए।
कुलदीप राठौर ने पीएम केयर फंड की पारदर्शिता पर उठाए थे सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंगलवार को भाजपा पर कोरोना वायरस को लेकर राजनीति करने और इसके नाम पर फंड इकट्ठा करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि देश में पहले ही प्रधानमंत्री के नाम पर एक राष्ट्रीय आपदा कोष स्थापित है, ऐसे में नए पीएम केयर फंड की स्थापना करना भाजपा की कोई नई राजनैतिक चाल लगती है। राठौर ने कहा था कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष में पहले से ही पर्याप्त फंड पड़ा है। इस फंड को तो खर्च नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नाम पर इस विपदा के समय एक नए केयर फंड की स्थापना करने की क्या जरूरत आन पड़ गई, केंद्र सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए।