Breaking news: कोरोना से मौत का शिकार हुए सरकाघाट के युवक की मां भी संक्रमित
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश से सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आई है। सरकाघाट के कोरोना पाॅजिटिव युवक की मां भी काेरोना संक्रमित पाई गई। जिला मंडी के सरकाघाट 21 वर्षीय युवक दो दिन पहले कोरोना संक्रमित पाया गया था व उसकी मौत भी हो गई। युवक किडनी की समस्या से भी जूझ रहा था।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का खौफ बढ़ गया है। प्रदेश में बुधवार को एक साथ तीन कोरोना संक्रमित मामले सामने आए थे। अब हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 46 हो गई है। कोरोना संक्रमित तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 38 लोग स्वस्थ हुए हैं। अभी विभिन्न अस्पतालों में पांच मरीज उपचाराधीन हैं। चंबा के दो युवक बद्दी से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए हैं, इनके बद्दी में ही संक्रमित होने की आशंका है। ऐसे में बद्दी से भी संक्रमण के मामले सामने आ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसके अलावा दुबई की एक टूरिज्म कंपनी में काम करने वाला कांगड़ा जिले के जमानाबाद का युवक भी बुधवार को कोरोना पाॅजिटिव पाया गया था।