हिमाचल में एक दिन में चार नए कोरोना संक्रमित, 50 पहुंचा आंकड़ा

धर्मशाला/शिमला/चंबा। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस फिर पांव पसार दिए हैं। शुक्रवार को चंबा जिले के सलूणी के कोरोना पॉजिटिव मरीज की दो साल की बेटी सहित प्रदेश में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। उक्त बच्ची के पिता की रिपोर्ट दो दिन पहले ही पॉजिटिव आई थी। वह सोलन जिले के बद्दी से लौटा
 

धर्मशाला/शिमला/चंबा। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस फिर पांव पसार दिए हैं। शुक्रवार को चंबा जिले के सलूणी के कोरोना पॉजिटिव मरीज की दो साल की बेटी सहित प्रदेश में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। उक्त बच्ची के पिता की रिपोर्ट दो दिन पहले ही पॉजिटिव आई थी। वह सोलन जिले के बद्दी से लौटा था। उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया ने इसकी पुष्टि की है। वहीं सीएमओ चंबा राजेश गुलेरी ने कहा कि बच्ची को आईसोलेट करने की तैयारी की जा रही है। बच्ची के पिता चंबा के बालू स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित पाए गए दो व्यक्तियों के प्राथमिक संपर्क में आए 36 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिसमें एक व्यक्ति की दो वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

प्रदेश में मात्र एक एक्टिव केस होने के बाद अब दोबारा नौ पॉजिटिव मामले हो गए हैं। राज्य में अब तक कुल 50 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। इसके अलावा प्रदेश में अब तक 18,488 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7,110 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि पूरी कर ली है। राज्य में अब तक 9522 लोगों की कोरोना जांच हुई है।

शुक्रवार को ऊना की पॉजिटिव आई महिला दिल्ली से परिवार के साथ लौटी थी और मैहतपुर में संस्थागत क्वारंटीन थी। परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव है। वहीं, दो दिन के भीतर ही कांगड़ा जिला में कोरोना एक और मामला आया है। शुक्रवार देर शाम आई सैंपल की रिपोर्ट में कांगड़ा का एक युवक पॉजिटिव पाया गया है। 25 वर्षीय युवक शाहपुर उपमंडल के झीरबल्ला गांव का रहने वाला है। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह युवक दिल्ली से 28 अप्रैल को कांगड़ा जिला में एक टैक्सी के जरिये दाखिल हुआ था। उसके साथ टैक्सी में तीन और लोग भी थे। फिलहाल जिला प्रशासन युवक के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस कर रहा है।

हमीरपुर में बाहर से आया व्यक्ति पॉजिटिव
हमीरपुर जिले में बाहरी राज्य से लौटा एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। 29 अप्रैल को दिल्ली से परिवार के साथ लौटा हमीरपुर के बिझड़ी के दुधार गांव पहुंचा था। वीरवार को ग्रुप सैंपलिंग में इस व्यक्ति के नमूने जांच को भेजे थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार सुबह संक्रमित को राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल भोटा शिफ्ट कर दिया है। परिवार के 11 सदस्यों को होम क्वारंटीन कर उनके सैंपल ले लिए हैं। इस व्यक्ति के प्राथमिक एवं द्वितीय संपर्क में आए लोगों की भी पहचान की जा रही है। अभी तक 16 लोग प्राइमरी और 27 लोग सेकेंडरी संपर्क में आए हैं। सभी प्राथमिक संपर्कों के नमूने जांच के लिए जा रहे हैं। प्रशासन ने इसके गांव व आसपास के क्षेत्र को कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुरूप कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।