लाहल के पास पहाड़ी से भूस्खलन, भरमौर हाईवे अवरूद्द

भरमौर। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लाहल के समीप भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया। सड़क बंद होने से भरमौर से चंबा और होली की तरफ जाने वाले वाहन फंस गए हैं। इस वजह से सैकड़ों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच प्रबंधन ने मार्ग
 

भरमौर। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लाहल के समीप भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया। सड़क बंद होने से भरमौर से चंबा और होली की तरफ जाने वाले वाहन फंस गए हैं। इस वजह से सैकड़ों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच प्रबंधन ने मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू किया। मगर लगातार पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण अभी तक हाईवे पर छोटे वाहनों की आवाजाही ही सुचारु हो पाई। जबकि बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए हाईवे बहाल नहीं हो पाया हैं। सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। यात्रियों का कहना है कि भरमौर हाईवे की हालत दिन प्रतिदिन खस्ता होती जा रही है। इसके चलते मार्ग पर आवाजाही खतरनाक हो गई है।

उन्होंने बताया कि मार्ग पर आए दिन पहाड़ दरक रहे हैं। इससे घंटों यातायात बाधित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जब भी मार्ग को चौड़ा करने के प्रयास शुरू हो रहे हैं तो वहीं, पर भूस्खलन हो जाता है। इस कारण यात्रियों को आवाजाही में काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण चंबा के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र शेखरी ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि छोटे वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया गया है। मगर लगातार भूस्खलन होने के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारु नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि विभागीय मशीनरी मौके पर मौजूद रहे। भूस्खलन थमते ही बड़े वाहनों के लिए भी हाईवे खोल दिया जाएगा।