10वीं और 12वीं के रेगुलर छात्रों की टर्म-एक के परीक्षा शुल्क में बदलाव

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों की टर्म-एक परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क में संशोधन किया है।

 

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों की टर्म-एक परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क में संशोधन किया है। 10वीं कक्षा टर्म-एक में 400 रुपये और 12वीं कक्षा के लिए 500 रुपये परीक्षा शुल्क के साथ 18 अक्तूबर से 22 अक्तूबर तक प्रवेश पत्र स्वीकार होंगे। इसके बाद 23 अक्तूबर से 25 अक्तूबर तक 100 रुपये विलम्ब शुल्क भी लिया जाएगा।  

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि समस्त विद्यालय अपने नियमित परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र निर्धारित शुल्क सहित निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन भेजने की प्रक्रिया को पूर्ण कर लें। इसके उपरांत कोई भी प्रवेश पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हिमाचल के समस्त राजकीय एवं स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त निजी विद्यालय अब नियमित परीक्षार्थियों का पंजीकरण शुल्क ऑफलाइन 21 अक्तूबर तक जमा करवा सकते हैं।


बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 में आयोजित की जाने वाली 9वीं से 12वीं कक्षाओं के नियमित परीक्षार्थियों के पंजीकरण करने हेतु समय अवधि 16 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। यदि कोई विद्यालय संबंधित कक्षाओं के परीक्षार्थियों का पंजीकरण शुल्क अदा नहीं कर पाए हैं, ऐसे विद्यालय पंजीकरण शुल्क ऑफलाइन बोर्ड कार्यालय में 21 अक्तूबर तक जमा करवा सकते हैं।