English Exam : चंबा में पहले पेपर में पकड़े 34 नकलची

चंबा। जिले में बुधवार को शुरू हुई दस जमा दो की वार्षिक परीक्षा के दौरान पहले दिन शिक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों में जाकर दबिश दी। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान 34 विद्यार्थियों को नकल करते रंगे हाथों पकड़ा गया तथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई
 

चंबा। जिले में बुधवार को शुरू हुई दस जमा दो की वार्षिक परीक्षा के दौरान पहले दिन शिक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों में जाकर दबिश दी। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान 34 विद्यार्थियों को नकल करते रंगे हाथों पकड़ा गया तथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किए।

जमा दो कक्षा की बुधवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा की टीम ने उक्त स्कूलों में जाकर छात्रों को नकल करते पकड़ा। गुंआ में पांच, होली में 11 तथा गरोला में 12 मामले नकल के पकड़े गए। एक मामला उपायुक्त ने नकल का पकड़ा। शेरपुर स्कूल में दो मामले पकड़े गए। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी टीम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

चंबा में नकल को रोकने के लिए टीमों का गठन पहले ही कर लिया गया था। परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद विभाग की टीम ने जगह-जगह छापेमारी शुरू की। विभाग ने नकल को रोकने के लिए इस बार पुख्ता प्रबंध किए हैं। जिले के कई संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। उच्च शिक्षा उप निदेशक देवेंद्र पाल ने बताया कि किसी स्कूल में नकल रोकने के मामले में अध्यापक की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। चंबा में नकल रोकने की मुहिम में भविष्य में जरूरत पड़ी तो बोर्ड से उड़नदस्ते के अन्य दल को चंबा बुलाया जाएगा।

बुधवार को उन्हीं स्कूलों का निरीक्षण किया गया है जो संवेदनशील थे। आने वाले दिनों में उड़नदस्ता अन्य परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण करेगा। शिक्षा बोर्ड के अलावा शिक्षा विभाग खुद भी स्कूलों में जाकर नकल रोकने का प्रयास कर रहा है।